Bhagalpur news बकाया पैसा मांगने पर युवक की पिटाई से मौत, सड़क जाम

Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 19 Feb 2026 11:30 PM

विज्ञापन

सुलतानगंज बाथ थाना क्षेत्र के झोझी मुसहरी के समीप बुधवार की शाम बकाया पैसा मांगने को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी.

विज्ञापन

सुलतानगंज बाथ थाना क्षेत्र के झोझी मुसहरी के समीप बुधवार की शाम बकाया पैसा मांगने को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान चंदन जनरल स्टोर एवं देवांसी टेंट हाउस के संचालक चंदन कुमार सिंह (30) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, चंदन कुमार सिंह ने लखनपुर के एक चाय विक्रेता को कुर्सी किराये पर दी थी, करीब 1500 रुपये बकाया था. बुधवार को जब चंदन बकाया मांगने पहुंचे तो आरोपित ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और आरोप है कि चाय विक्रेता ने लाठी-डंडे से चंदन की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उन्हें इलाज के लिए असरगंज अस्पताल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया. मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान चंदन कुमार सिंह की मौत हो गई. पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया. मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये. गुरुवार को शव को झोझी मुसहरी के पास देवघर–सुलतानगंज मुख्य मार्ग पर रखकर शाम करीब 4:30 बजे सड़क जाम कर दिया गया. जाम की सूचना पर विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार, बीडीओ संजीव कुमार, सुलतानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, अंचल पुलिस निरीक्षक अर्जुन प्रसाद तथा बाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. जाम पर बैठे लोग मृतक की पत्नी को नौकरी देने, उपमुख्यमंत्री के आने और आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के समझाने के बाद करीब शाम 6 बजे जाम हटाया गया. इस दौरान बीडीओ ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया. डीएसपी ने हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया. पत्नी सोनम कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि उनके पति टेंट, डेकोरेशन और डीजे का काम करते थे. उनकी पांच साल की एक पुत्री देवांसी है. उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर ही उनके पति पर हमला किया गया, जिससे उनकी जान चली गयी. जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी, जो जाम हटने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो सकी. बाथ थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन कुमारी ने कहा कि मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद करते केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन