मायागंज अस्पताल में नवजात की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

विज्ञापन

मायागंज में हंगामा | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जेएलएनएमसीएच में नवजात की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.

विज्ञापन

Mayaganj Hospital Newborn Death: भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), मायागंज में नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही तथा दुर्व्यवहार का आरोप लगाया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित की. दूसरी ओर, ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने सभी जरूरी उपचार करने और बच्चे की हालत पहले से गंभीर होने की बात कही है.

विज्ञापन

जेएलएनएमसीएच के शिशु विभाग में रविवार को भर्ती कराये गये नवजात की सोमवार शाम मौत हो गयी. बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गये और अस्पताल में हंगामा करने लगे. उन्होंने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.

अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने शिकायत के लिए लिखित आवेदन देने को कहा. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बरारी थाना पुलिस को परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था. इसके बाद परिजन नवजात के शव के साथ घर रवाना हो गये.

जगदीशपुर सीएचसी से मायागंज किया गया था रेफर

जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी शौकीन कुमार की पत्नी ममता कुमारी का रविवार शाम जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव हुआ था. परिजनों का कहना है कि जन्म के बाद बच्चा नहीं रो रहा था. अस्पताल की ओर से उन्हें सदर अस्पताल जाने को कहा गया.

शौकीन कुमार के अनुसार, वे एंबुलेंस से सदर अस्पताल के लिए निकले थे, लेकिन चालक उन्हें बहलाकर जेएलएनएमसीएच मायागंज ले आया. बच्चे को भर्ती कराने के बाद भी एंबुलेंस चालक अस्पताल में मौजूद रहा.

परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब 24 घंटे तक चले इलाज के दौरान चिकित्सकों ने कई स्तर पर लापरवाही की. नर्सिंग स्टाफ का व्यवहार भी ठीक नहीं था. उनका कहना था कि बच्चे की मौत के बाद उसे दिखाये बिना ही उनसे कागजात पर हस्ताक्षर करने को कहा जा रहा था. उन्होंने बच्चे को देखे बिना हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया.

चिकित्सक ने कहा- बच्चे की हालत पहले से गंभीर थी

ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ वरिशा ने बताया कि नवजात को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस समय उसकी स्थिति गंभीर थी. बच्चे का ब्रेन डैमेज हो चुका था, उसे सांस लेने में परेशानी थी और चमकी भी आ रही थी.

उन्होंने बताया कि भर्ती के समय ही परिजनों को बच्चे की गंभीर स्थिति से अवगत करा दिया गया था. सोमवार सुबह भी उसकी हालत के बारे में जानकारी दी गयी. चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली.

मायागंज में हंगामा | Prabhat Khabar Network
मायागंज में हंगामा | Prabhat Khabar Network
मायागंज में हंगामा | Prabhat Khabar Network
मायागंज में हंगामा | Prabhat Khabar Network

Also Read: पटना के मरीन ड्राइव पर सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण का केंद्र, छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन