मायागंज अस्पताल में बदली जांच व्यवस्था, अब सेंट्रल लैब में होगा सभी टेस्ट का कलेक्शन
कमरा नंबर 47 | Prabhat Khabar Network
जेएलएनएमसीएच में अब कमरा नंबर 47 बंद कर दिया गया है. प्राइवेट जांच का कलेक्शन और रिपोर्ट अब एक ही जगह सेंट्रल लैब से मिलेगी. जानें क्या है नई व्यवस्था.
Mayaganj Hospital Central Lab: भागलपुर के जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में अब मरीजों को जांच के लिए अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. प्राइवेट लैब और सेंट्रल लैब की सेवाओं को एकीकृत कर दिया गया है. इसके तहत कमरा नंबर 47 में चल रहे प्राइवेट लैब के कलेक्शन सेंटर को बंद कर दिया गया है. अब सेंट्रल लैब के कलेक्शन सेंटर में ही सभी तरह की जांच के लिए सैंपल लिये जायेंगे. हालांकि, रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों को इमरजेंसी के ऊपर कमरा नंबर एक में जाना होगा.
जेएलएनएमसीएच मायागंज में जांच की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए यह बदलाव किया गया है. पहले सेंट्रल लैब में जिन जांचों की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, उनके लिए ओपीडी के मरीजों और विभिन्न विभागों में भर्ती रोगियों को चिकित्सकों की ओर से लाल और पीली पर्ची दी जाती थी.
इन पर्चियों के आधार पर मरीज या उनके परिजन कमरा नंबर 47 पहुंचते थे. यहां प्राइवेट लैब संत पायस के कलेक्शन सेंटर में खून, पेशाब और अन्य नमूने लिये जाते थे. जांच की रिपोर्ट भी अगले दिन इसी कमरे से मिलती थी.
लेकिन पिछले सात दिनों से यह व्यवस्था बदल दी गयी है. अब कमरा नंबर 47 में सैंपल कलेक्शन नहीं होगा. सभी तरह की जांच के नमूने सेंट्रल लैब के कलेक्शन सेंटर में लिये जायेंगे.
शीशा वाले भवन में होगा सैंपल कलेक्शन
अस्पताल में बोलचाल की भाषा में शीशा वाला भवन कहे जाने वाले सेंट्रल लैब के कलेक्शन सेंटर में ही प्राइवेट लैब से होने वाली जांच के लिए भी नमूने जमा किये जायेंगे. इससे मरीजों को सैंपल देने के लिए अलग-अलग जगह जाने की जरूरत नहीं होगी.
हालांकि, जांच रिपोर्ट लेने के लिए व्यवस्था अलग रखी गयी है. रिपोर्ट इमरजेंसी के ऊपर स्थित कमरा नंबर एक से मिलेगी.
वार्ड में भर्ती मरीजों को हो रही परेशानी
ओपीडी में डॉक्टर से जांच लिखवाने के बाद सीधे सेंट्रल लैब पहुंचने वाले मरीजों को नयी व्यवस्था में अधिक परेशानी नहीं हो रही है. लेकिन विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों के परिजन लाल और पीली पर्ची मिलने के बाद पुराने काउंटर की तलाश में भटक रहे हैं.
उन्हें नयी व्यवस्था की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को सही कलेक्शन सेंटर की जानकारी देना जरूरी हो गया है.
Mayaganj Hospital Central Lab: लैब एजेंसी ने जारी की सूचना
लैब का संचालन कर रहे निजी एजेंसी के संचालक प्रशांत ने बताया कि नयी व्यवस्था की विधिवत सूचना जारी कर दी गयी है. उनके अनुसार, इस बदलाव से मरीजों को अधिक सुविधा मिलेगी और जांच के लिए सैंपल जमा करने की प्रक्रिया एक जगह से संचालित होगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
