विक्रमशिला सेतु से गंगा में गिरा 20 साल का युवक, तेज बहाव के बीच SDRF ने बोट से रेस्क्यू कर युवक की जान बचायी
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु से लघुशंका के दौरान 20 वर्षीय सिंटू कुमार गंगा में गिर गया
विक्रमशिला सेतु पर लघुशंका के लिए रुका एक युवक अचानक गंगा में जा गिरा. पानी की दो बोतलों और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बचाई गई. घटना ने सेतु पर सावधानी बरतने की चेतावनी दी है.
Vikramshila Setu Youth Rescue: विक्रमशिला सेतु पर लघुशंका करने के दौरान एक युवक अचानक गंगा नदी में जा गिरा. तेज बहाव के बीच युवक काफी दूर तक बह गया, लेकिन उसके पास मौजूद पानी की दो बोतलों ने उसे कुछ देर तक नदी की सतह पर टिकाये रखा. इसी बीच बरारी गंगा घाट पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम को घटना की जानकारी मिली और टीम बोट लेकर मौके पर पहुंच गयी. काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
आपके शहर में
रेस्क्यू किया गया युवक नारायणपुर के कुशहा निवासी 20 वर्षीय सिंटू कुमार है. एसडीआरएफ की टीम ने युवक को नदी से निकालने के बाद बरारी थाना पहुंचाया. बरारी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे घर भेज दिया. हादसे के बाद युवक के सुरक्षित बचने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और एसडीआरएफ की तत्परता की सराहना की.
लघुशंका के लिए रुका, तभी फिसला पैर
बताया गया कि बेली ब्रिज से आवागमन शुरू होने के बाद विक्रमशिला सेतु पर वन-वे परिचालन लागू है. इस कारण यात्री वाहनों से इस पार से उस पार जाने में लोगों को काफी समय लग रहा है. ऐसे में तीव्र लघुशंका की स्थिति में कुछ यात्री सेतु पर ही लघुशंका करते देखे गये हैं.
बुधवार को सिंटू कुमार भी इसी वजह से सेतु पर रुका था. लघुशंका करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गंगा नदी में जा गिरा. कुछ ही पल में वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया.
सेतु पर मौजूद लोगों ने भी बचाने की कोशिश की
युवक के नदी में गिरते ही सेतु पर मौजूद पुलिसकर्मियों और आम लोगों ने उसे बचाने का प्रयास शुरू किया. लोगों ने रस्सी डालकर युवक को ऊपर खींचने की कोशिश की, लेकिन तब तक तेज बहाव के कारण युवक सेतु के नीचे से करीब 100 मीटर दूर जा चुका था.
इस दौरान युवक पानी की दो बोतलों के सहारे काफी देर तक नदी की सतह पर बना रहा. यही समय उसके लिए बेहद अहम साबित हुआ. युवक के पानी पर बने रहने से एसडीआरएफ की टीम को उस तक पहुंचने का मौका मिल गया.
बोट लेकर पहुंची एसडीआरएफ की टीम
बरारी गंगा घाट पर मौजूद एसडीआरएफ को घटना की जानकारी मिलते ही टीम सक्रिय हो गयी. एसडीआरएफ की टीम बोट लेकर युवक की ओर रवाना हुई. तेज बहाव और युवक के सेतु से करीब 100 मीटर दूर चले जाने के बावजूद टीम ने काफी मशक्कत कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
एसडीआरएफ टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर नीलू कर रहे थे. रेस्क्यू के बाद युवक को बरारी थाना लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी की गयी.
Vikramshila Setu Youth Rescue: तेज बहाव में छोटी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी
घटना ने एक बार फिर गंगा में मौजूद तेज बहाव के बीच सेतु पर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है. खासकर विक्रमशिला सेतु पर वन-वे परिचालन के कारण यात्रा में लगने वाले समय के बीच लोगों को किसी भी स्थिति में अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर नीलू ने लोगों से अपील की कि नदी में इस समय काफी पानी और तेज बहाव है. ऐसी स्थिति में किसी को भी अपनी जान जोखिम में डालकर कोई काम नहीं करना चाहिए.
सिंटू कुमार को समय रहते एसडीआरएफ की टीम ने बचा लिया, लेकिन यह घटना दूसरे लोगों के लिए भी चेतावनी है कि गंगा के तेज बहाव के बीच छोटी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है.
Also Read: “बाप रे! सब कुछ बह गया…”, नेपाल बाढ़ त्रासदी से भटककर मुजफ्फरपुर पहुंची डरी-सहमी महिला
Also Read: बिहार में बढ़ रहा बाढ़ का खतरा, गंगा-गंडक के बाद सोन भी उफनाई, 56 गेट खुले, कई इलाकों में तबाही
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए