नवगछिया में खतरे के निशान से 50 CM ऊपर बह रही गंगा, इस्माईलपुर-बिंदटोली सहित 4 तटबंधों पर बढ़ा भारी दबाव

Updated:
विज्ञापन

फोटो- गोपालपुर स्पर संख्या छह एन के निकट गंगा नदी की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण नवगछिया अनुमंडल के संवेदनशील तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है। इस्माईलपुर-बिंदटोली में गंगा खतरे के निशान से 50 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जबकि अन्य तीन स्थलों पर भी नदी का पानी तटबंधों को छू रहा है।

विज्ञापन

गोपालपुर (भागलपुर). गंगा और कोसी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच नवगछिया अनुमंडल के संवेदनशील तटबंधों पर नदी का दबाव बना हुआ है. बुधवार सुबह छह बजे जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इस्माईलपुर-बिंदटोली, राघोपुर, मदरौनी और जेबी चोरहर चारों गेज स्थलों पर नदी का पानी तटबंध के टो तक पहुंच चुका है. विभाग ने चारों स्थानों पर तटबंध को फिलहाल सुरक्षित बताया है, लेकिन जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

इस्माईलपुर-बिंदटोली में खतरे के निशान से 50 सेंटीमीटर ऊपर गंगा

इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-7 पर बुधवार सुबह गंगा का जलस्तर 32.10 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में यहां जलस्तर में सात सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. इस स्थल पर चेतावनी स्तर 30.60 मीटर और खतरे का निशान 31.60 मीटर है. इस तरह गंगा का पानी खतरे के निशान से 50 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है. यहां उच्चतम बाढ़ स्तर 33.50 मीटर है. विभाग ने तटबंध को सुरक्षित बताया है, लेकिन नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है.

राघोपुर में चेतावनी स्तर से 29 सेंटीमीटर ऊपर पहुंची गंगा

काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के पास बुधवार सुबह गंगा का जलस्तर 32.97 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में इसमें पांच सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. यहां चेतावनी स्तर 32.68 मीटर और खतरे का निशान 33.68 मीटर है. वर्तमान जलस्तर चेतावनी स्तर से 29 सेंटीमीटर ऊपर है. विभाग ने बांध को फिलहाल सुरक्षित बताया है, लेकिन गंगा का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. राघोपुर क्षेत्र में लगातार मार्जिनल बांध के हिस्से के कटाव की घटनाएं सामने आती रही हैं. कटावग्रस्त हिस्से को सुरक्षित रखने के लिए बाढ़ संघर्षात्मक कार्य भी जारी है.

मदरौनी में 10 सेंटीमीटर बढ़ा कोसी का जलस्तर

मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 31.13 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में यहां 10 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. इस स्थल पर चेतावनी स्तर 30.48 मीटर और खतरे का निशान 31.48 मीटर है. वर्तमान जलस्तर खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर नीचे है. उच्चतम बाढ़ स्तर 33.46 मीटर है. विभाग ने यहां तटबंध को सुरक्षित बताया है, लेकिन कोसी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण निगरानी बढ़ा दी गयी है.

जेबी चोरहर में पांच सेंटीमीटर बढ़ा कोसी का पानी

जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर 31.30 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में यहां पांच सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. चेतावनी स्तर 30.77 मीटर और खतरे का निशान 31.77 मीटर है. वर्तमान जलस्तर चेतावनी स्तर से 53 सेंटीमीटर ऊपर है, जबकि खतरे के निशान से 47 सेंटीमीटर नीचे है. विभाग ने यहां स्थिति को फिलहाल सुरक्षित और नियंत्रण में बताया है. हालांकि नागरपारा तटबंध और बगजान जमींदारी बांध के विभिन्न स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है.

चारों संवेदनशील स्थलों पर निगरानी जारी

जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार चारों गेज स्थलों पर जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गयी है. खासकर इस्माईलपुर-बिंदटोली में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि राघोपुर में भी जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच चुका है. मदरौनी और जेबी चोरहर में कोसी के बढ़ते जलस्तर से तटबंधों पर दबाव बना हुआ है. विभाग की टीमें सभी संवेदनशील स्थलों पर निगरानी कर रही हैं. जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए अगले 24 घंटे तटबंधों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन