बेतिया: संत गुरु रविदास जयंती पर जीविका दीदियों व सेविकाओं ने निकाली कलश यात्रा, दिया भाईचारे का संदेश
कलश यात्रा
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर सिकटा प्रखंड मुख्यालय से एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई. इस यात्रा ने महादलित बस्तियों से गुजरते हुए सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया. श्रद्धालुओं ने संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया.
Bettiah News: महान समाज सुधारक संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को सिकटा प्रखंड मुख्यालय परिसर से एक भव्य व आकर्षक कलश यात्रा निकाली गई. कलश यात्रा प्रखंड परिसर से प्रारंभ होकर पूरे सिकटा बाजार, मुख्य मार्गों और आसपास की विभिन्न महादलित बस्तियों से होकर गुजरी. इस दौरान श्रद्धालु और महिलाएं विभिन्न प्रेरक स्लोगनों की तख्तियां लेकर चल रहे थे और पूरे मार्ग में संत रविदास के जयघोष व नारों से वातावरण गुंजायमान रहा.
आपके शहर में
Sikta News: महादलित बस्तियों से गुजरी यात्रा, दिया गया सामाजिक समरसता का संदेश
कलश यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के क्रांतिकारी विचारों, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया.
आयोजकों और यात्रा में शामिल लोगों ने आमजन से संत रविदास के बताए सत्य, प्रेम, करुणा और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया. यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं और जीविका दीदियों ने पारंपरिक परिधानों में कलश लेकर पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई.
संत रविदास ने समाज को दी नई दिशा और भाईचारे की सीख: बीडीओ
समारोह को संबोधित करते हुए सिकटा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) जयप्रकाश ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने समाज को एकरूपता, आपसी भाईचारा और मानवता का अमर संदेश दिया.
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने तत्कालीन समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और जातिगत भेदभाव के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाई और समाज को एक नई प्रगतिशील दिशा दी. उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि हम सभी को उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के नैतिक उत्थान और अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए.
कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस गरिमामयी आयोजन में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं, जीविका दीदियां, विकास मित्र, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
कलश यात्रा और कार्यक्रम में मुख्य रूप से बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) कुमारी पुष्पा, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शब्बीर अनवर उर्फ मुन्ना, बीस सूत्री सदस्य मधुसूदन पटेल, भाजपा नेत्री सह बीस सूत्री सदस्या अंतिमा कुमारी सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: बाघ ने छीनी किसान की जिंदगी, वन विभाग ने परिवार को सौंपा 10 लाख का सहारा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए