मानहानि मामले में बेतिया कोर्ट पहुंचे प्रशांत किशोर के अधिवक्ता, जवाब दाखिल करने के लिए मांगा समय, कोर्ट ने दी मोहलत

सांकेतिक तस्वीर , AI Generated Image
बेतिया कोर्ट में मानहानि मामले की सुनवाई के दौरान प्रशांत किशोर के अधिवक्ता ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा, कोर्ट ने दी मोहलत।
बेतिया भाजपा सांसद डॉ संजय जायसवाल द्वारा दायर मानहानि (डैमेज सूट) मामले में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की ओर से बुधवार को बेतिया सिविल कोर्ट में पक्ष रखा गया. पूर्व में जारी सार्वजनिक नोटिस के अनुपालन में प्रशांत किशोर स्वयं अदालत में उपस्थित नहीं हुए, बल्कि उनके अधिवक्ता अनीस तिवारी ने उनकी ओर से हाजिरी दर्ज कराई. बेतिया के सब जज प्रथम की अदालत में सुनवाई के दौरान अधिवक्ता अनीस तिवारी ने प्रशांत किशोर की ओर से वकालतनामा दाखिल करते हुए मामले में विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए समय देने का अनुरोध किया. अदालत ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए जवाब दाखिल करने के लिए समय प्रदान कर दिया. इसके साथ ही मामले की सुनवाई अब अगली निर्धारित तिथि पर होगी. गौरतलब है कि सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर के खिलाफ डैमेज सूट संख्या-2/2025 दायर किया है. परिवाद में आरोप लगाया गया है कि प्रशांत किशोर ने सार्वजनिक सभाओं, प्रेस वार्ताओं और अन्य मंचों पर सांसद के खिलाफ ऐसे बयान दिए, जिनसे उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को क्षति पहुंची. सांसद ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए अदालत में मानहानि और क्षतिपूर्ति की मांग की है. इससे पहले अदालत ने प्रशांत किशोर को विशेष दूत और निबंधित डाक के माध्यम से समन भेजा था. समन का तामिला नहीं होने के बाद अदालत ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर उन्हें अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया था. बुधवार को उनके अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में उपस्थिति दर्ज होने के बाद अब मामला नियमित सुनवाई की प्रक्रिया में आगे बढ़ेगा. अब प्रशांत किशोर की ओर से अदालत में लिखित जवाब दाखिल किया जाएगा, जिसके बाद न्यायालय दोनों पक्षों की दलीलों, दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










