चनपटिया में सफाईकर्मियों का प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों से वार्ता करते प्रतिनिधि
चनपटिया नगर पंचायत में सफाईकर्मियों की मांगों को लेकर सोमवार को विरोध प्रदर्शन हुआ. वेतन में कटौती और सातवें वेतनमान का लाभ न मिलने से नाराज सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. नगर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है.
West Champaran News: नगर पंचायत के सफाईकर्मियों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. आउटसोर्सिंग, अनुबंध और स्थायी सेवा से जुड़े सफाईकर्मियों ने मुख्य पार्षद रजनी देवी को ज्ञापन सौंपकर वेतन वृद्धि, सातवें वेतनमान का लाभ और एरियर भुगतान की मांग की.
सफाईकर्मियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी.
वेतन को लेकर जताई नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों का कहना है कि नई सफाई एजेंसी की निविदा के समय उन्हें 16,692 रुपये प्रतिमाह भुगतान का आश्वासन दिया गया था.
उनका आरोप है कि वर्तमान में ईपीएफ कटौती के बाद केवल 9,900 रुपये ही मिल रहे हैं. वहीं अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों का वेतन भी अपेक्षा से कम है, जबकि स्थायी कर्मचारियों को अब तक सातवें वेतनमान और एरियर का लाभ नहीं मिला है.
तीसरे दिन भी ठप रही सफाई व्यवस्था
हड़ताल के तीसरे दिन नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही.
शहर के कई इलाकों में कूड़े का ढेर जमा हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
वार्ता रही बेनतीजा
सफाईकर्मियों को समझाने के लिए उप मुख्य पार्षद सुनील कुमार, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजकिशोर प्रसाद, भाजपा नेता डॉ. वतन केसरी, अमित कुमार गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत सर्राफ, विवेक कुमार और शकील अहमद मौके पर पहुंचे.
हालांकि, दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकल सका और हड़ताल जारी रखने का फैसला बरकरार रहा.
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी
सफाईकर्मियों का कहना है कि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
वहीं नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सामान्य करने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










