शादी की नीयत से 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का आरोप, पुलिस ने दूसरे जिले से किया रेस्क्यू

प्रतीकात्मक तस्वीर
पश्चिम चंपारण से कथित तौर पर शादी की नीयत से अपहरण की गई 16 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने पूर्वी चंपारण से सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को बरामद कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
Minor Girl Rescued: पश्चिम चंपारण के भंगहा थाना क्षेत्र से कथित रूप से शादी की नीयत से अपहृत 16 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के परौलिया कॉलोनी से सकुशल बरामद कर लिया है. बरामदगी के बाद किशोरी को पुलिस संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
शौच के लिए निकली थी, अपहरण का आरोप
पीड़िता के भाई की शिकायत पर भंगहा थाना में पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
आवेदन के अनुसार, किशोरी घर से शौच के लिए सरेह की ओर गई थी. आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे बामी कुमार, मोना देवी, अजीत कुमार, राहुल कुमार (निवासी परौलिया कॉलोनी, पिपरा कोठी) तथा महादेव वर्मन (निवासी बिरंची तीन, मानपुर थाना क्षेत्र) ने कथित रूप से शादी की नीयत से उसका अपहरण कर लिया.
परिजनों ने धमकी देने का भी लगाया आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब परिजनों ने किशोरी को वापस करने की बात कही, तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.
इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है.
पिपरा कोठी में छापेमारी कर किया रेस्क्यू
मामले की गंभीरता को देखते हुए भंगहा पुलिस ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की.
इसी क्रम में पिपरा कोठी के परौलिया कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया.
बयान दर्ज कराने भेजी गई किशोरी
भंगहा थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बरामद किया गया है.
उन्होंने बताया कि किशोरी को बयान दर्ज कराने के लिए बेतिया भेजा गया है. वहीं, मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










