बेगूसराय : नींबू तोड़ने साथ नहीं गया तो मुंह में कट्टा सटाकर मारी गोली, युवक की हालत नाजुक
घटना की जानकारी लेने पहुंची पुलिस
बेगूसराय में नींबू तोड़ने के मामूली विवाद ने एक युवक की जान पर बन आई. दोस्त ने खेत से नींबू लाने से मना करने पर युवक के मुंह में कट्टा सटाकर गोली मार दी. घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है.
Begusarai News : बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुई सनसनीखेज वारदात ने सभी को हैरान कर दिया. देर रात सूर्य मंदिर परिसर में सो रहे 19 वर्षीय युवक को उसके परिचित ने जगाया और खेत से नींबू तोड़ने चलने को कहा.
युवक ने रात अधिक होने की बात कहकर साथ जाने से इनकार किया तो आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर उसके मुंह में सटाया और गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में बेगूसराय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
घटना की पूरी जानकारी
घायल की पहचान मुजफ्फरा गांव निवासी देवेंद्र सहनी के 19 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार उर्फ लुल्ला के रूप में हुई है. घटना मुजफ्फरा गोला चौक से इमली घाट जाने वाली सड़क स्थित सूर्य मंदिर परिसर की है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
कहासुनी और गोलीबारी
बताया जाता है कि घर में जगह कम होने के कारण अजीत गांव के अन्य युवकों के साथ सूर्य मंदिर परिसर में सोया हुआ था. इसी दौरान देर रात करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच आरोपी सुजीत कुमार वहां पहुंचा. सुजीत ने अजीत को जगाया और दूसरे के खेत से नींबू तोड़कर लाने के लिए साथ चलने को कहा.
अजीत ने देर रात होने का हवाला देते हुए जाने से मना कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि सुजीत ने कमर से देसी कट्टा निकालकर अजीत को गोली मारने की धमकी दी. इस दौरान अजीत ने कथित तौर पर मजाक में उसे गोली मारने की बात कह दी. इसके बाद आरोपी ने कट्टा उसके मुंह में सटाकर गोली चला दी.
अस्पताल में भर्ती और ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. अजीत को खून से लथपथ देखकर तत्काल इलाज के लिए बेगूसराय शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार अजीत और आरोपी के बीच पहले से कोई बड़ी दुश्मनी नहीं थी. ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी सुजीत पर पूर्व में छोटी-मोटी चोरी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप लगते रहे हैं.
पुलिस का बयान और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना और नगर थाना पुलिस की टीम अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई है. साथ ही आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अवैध देसी कट्टा कहां से आया.
इस बाबत डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे मुजफ्फरा स्थित मंदिर परिसर में सो रहे 19 वर्षीय अजीत कुमार को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.
आरोपी की पहचान सुजीत कुमार के रूप में हुई है. पुलिस घटना की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए