राष्ट्रीय खेल दिवस पर बरौनी रिफाइनरी में साइक्लोथॉन, 75 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
साइकिल रैली में भाग लेते कार्यपालक निदेशक व अन्य कर्मी | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : राष्ट्रीय खेल दिवस पर बरौनी रिफाइनरी ने मेजर ध्यानचंद की जयंती पर साइक्लोथॉन का आयोजन कर स्वस्थ जीवनशैली और खेल भावना का संदेश दिया.
Begusarai News : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बरौनी रिफाइनरी द्वारा कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के बीच शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने तथा खेल भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने किया. इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) संजय रायजादा, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर हजारिका, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) हंसराज गनवीर, मुख्य महाप्रबंधक (कोर ग्रुप) राजू मशाहारी सहित वरिष्ठ प्रबंधन के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे. सभी ने उत्साहपूर्वक साइक्लोथॉन में हिस्सा लिया.
आपके शहर में
मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन
साइक्लोथॉन का आयोजन भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया. हॉकी के जादूगर के नाम से प्रसिद्ध मेजर ध्यानचंद ने भारत को वर्ष 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. अपने शानदार करियर में उन्होंने 400 से अधिक गोल किए थे.
रिफाइनरी टाउनशिप के प्रमुख क्षेत्रों से गुजरी साइकिल रैली
साइक्लोथॉन की शुरुआत बरौनी रिफाइनरी गेस्ट हाउस से हुई. इसके बाद साइकिल रैली बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप के प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी. इसमें करीब 75 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने तथा दैनिक जीवन में खेल भावना के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया.
कर्मचारियों को स्वस्थ और सक्रिय रहने के लिए किया जा रहा प्रेरित
बरौनी रिफाइनरी की कॉर्पोरेट संचार अधिकारी अर्पिता पटेल ने बताया कि इस तरह की पहल के माध्यम से बरौनी रिफाइनरी अपने कर्मचारियों को सक्रिय, स्वस्थ और प्रेरित रहने के लिए लगातार प्रोत्साहित करती रही है. उन्होंने कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ टीम भावना और सकारात्मक कार्य संस्कृति को भी बढ़ावा देती हैं.
Also Read : औरंगाबाद में बिलारू नदी के पानी से घिरा टकोरा गांव, तीन दिनों से स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए