बछवाड़ा थाना परिसर की चारदीवारी निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप, बीडीओ ने की औचक जांच
जांच करते हुए बीडीओ | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : बछवाड़ा थाना परिसर में चहारदीवारी निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत पर बीडीओ ने औचक निरीक्षण किया. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर उठाए सवाल.
Begusarai News : बछवाड़ा थाना परिसर में चारदीवारी निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत पर सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने स्थल पर पहुंचकर औचक जांच की. जांच के दौरान बीडीओ ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त ईंट की गुणवत्ता, निम्नस्तरीय सामग्री को छिपाने के लिए आनन-फानन में कराये जा रहे प्लास्टर तथा कार्यस्थल पर योजना बोर्ड की अनुपस्थिति की बारीकी से जांच-पड़ताल की.
आपके शहर में
थाना परिसर में जिला परिषद योजना के तहत चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल और कार्यस्थल पर योजना बोर्ड नहीं लगाये जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है.
8 लाख की लागत से बन रही 230 फीट लंबी चारदीवारी
ग्रामीणों के अनुसार जिला परिषद क्षेत्र संख्या 3 की सदस्य वीणा देवी की अनुशंसा पर करीब आठ लाख रुपये की लागत से 230 फीट लंबी बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संवेदक मनीष कुमार को दी गयी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना परिसर की सुरक्षा और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए करीब आठ वर्ष पूर्व तत्कालीन दिवंगत विधायक रामदेव राय की अनुशंसा से लगभग 800 फीट लंबी चारदीवारी का निर्माण कराया गया था. उस समय करीब 50 से 60 फीट बाउंड्री वॉल का हिस्सा अधूरा रह गया था. इसके कारण थाना परिसर का वह हिस्सा असुरक्षित बना हुआ था.
जरूरत 50-60 फीट की, टेंडर 230 फीट का होने पर सवाल
ग्रामीणों के मुताबिक अधूरे हिस्से की घेराबंदी के लिए जिला परिषद सदस्य वीणा देवी की ओर से अनुशंसा की गयी थी. ग्रामीणों का आरोप है कि जहां करीब 50 से 60 फीट चारदीवारी की जरूरत थी, वहां 230 फीट का टेंडर निकाला गया. इसको लेकर भी सवाल उठाये जा रहे हैं.
Also Read : औरंगाबाद में बिलारू नदी के पानी से घिरा टकोरा गांव, तीन दिनों से स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे
योजना बोर्ड नहीं लगाने और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक मनीष कुमार ने निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड नहीं लगाया. इसके बाद निर्माण में निम्न श्रेणी की ईंट, घटिया बालू और अन्य निम्नस्तरीय सामग्री का इस्तेमाल किया जाने लगा.
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर पहले भी सवाल उठाये गये थे. शिकायत के बाद बीडीओ ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की.
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर स्थानीय समाजसेवी राजकुमार चौधरी, विजय शंकर दास, उमेश कुंवर कवि, राजद नेता कुमार रूपेश यादव और श्याम प्रसाद दास सहित कई प्रबुद्ध नागरिकों ने विरोध जताया है. उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो दोषी संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है.
Also Read : औरंगाबाद में बिलारू नदी के पानी से घिरा टकोरा गांव, तीन दिनों से स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए