बेगूसराय: करवा चौथ पर चांद के दीदार के लिए घंटों करना पड़ा इंतजार, नवविवाहित जोड़ों में दिखा उत्साह
करवा चौथ व्रत मनाते नव विवाहिता जोड़े |
करवा चौथ पर गढ़पुरा में महिलाओं को चांद के दीदार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. इस पर्व पर नवविवाहित जोड़ों में विशेष उत्साह देखने को मिला.
Karwa Chauth puja vidhi: गढ़पुरा प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ करवा चौथ का व्रत श्रद्धा और उत्साह से मनाया. इस अवसर पर महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखा. शाम में विधि-विधान से भगवान गणेश और मां गौरी की पूजा-अर्चना की. इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया.
नवविवाहित जोड़ों में दिखा खास उत्साह
करवा चौथ को लेकर प्रखंड क्षेत्र में सुबह से ही उत्सवी माहौल रहा. खासकर नवविवाहित जोड़ों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. नवविवाहित महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पूजा की तैयारियां कीं. वहीं, पतियों ने भी अपनी पत्नियों के लिए उपहार और पूजा सामग्री की खरीदारी की.
गढ़पुरा बाजार में दिनभर रही चहल-पहल
पर्व को लेकर गढ़पुरा बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही. पूजा सामग्री, शृंगार प्रसाधन, कपड़े, गिफ्ट और मिठाइयों की दुकानों पर महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी. महिलाओं ने करवा, दीपक, छलनी, पूजन सामग्री और शृंगार के सामान की खरीदारी की. बाजार में बढ़ी रौनक से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए.
बादलों के कारण चांद देखने में हुई देरी
हालांकि, मौसम की बेरुखी ने व्रती महिलाओं का इंतजार बढ़ा दिया. आसमान में बादल छाये रहने और चंद्रमा के समय पर दिखाई नहीं देने से महिलाओं को चांद के दीदार के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा. कई जगहों पर महिलाएं छतों और खुले स्थानों पर आसमान की ओर टकटकी लगाए चंद्रमा के निकलने की प्रतीक्षा करती रहीं.
चंद्र दर्शन के बाद महिलाओं ने छलनी से चांद और अपने पति का चेहरा देखकर पूजा संपन्न की. इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया. मान्यता है कि करवा चौथ का व्रत रखने से पति की दीर्घायु और दांपत्य जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है. इसी आस्था और विश्वास के साथ महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पर्व मनाया.
इसे भी पढ़ें:गोपालगंज: मां की आखिरी इच्छा को बनाया लक्ष्य, बेटी ने असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर किया सपना पूरा
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
