बेगूसराय की टॉप फोटोज: सिमरिया गंगा तट पर गूंजे भक्ति के स्वर, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु; पंचायत में जमीन विवाद और त्योहारों की सुरक्षा पर प्रशासन अलर्ट


सिमरिया गंगा तट पर काशी के विद्वानों ने की भव्य महाआरती, भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
सिमरिया गंगा तट पर सोमवार की शाम काशी के विद्वान पंडितों ने भव्य महाआरती की प्रस्तुति दी. इस दौरान गंगा तट पर मौजूद श्रद्धालुओं और कल्पवासियों में धार्मिक आस्था का भाव और गहरा हो गया. गंगा मंच से भजन गायक सुजान शर्मा ने 'निकली प्रभु की पद पंकज से' गंगा स्तुति और 'जय गंगे माता' भजन प्रस्तुत किया.

पबड़ा पंचायत में सरकारी जमीन पर निर्माण का मामला गरमाया
बेगूसराय जिले की पबड़ा पंचायत में सरकारी जमीन पर कथित अवैध निर्माण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. जलमीनार निर्माण के लिए जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) वाली जमीन पर भवन जैसी संरचना मिलने के बाद बीडीओ निरंजन कुमार ने पंचायत की मुखिया प्रीति कुमारी से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है.

बखरी में दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट
दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को बखरी अनुमंडल कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने की. इसमें जनप्रतिनिधियों, शांति समिति और काली मेला समिति के सदस्यों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए.

छठ पर बूढ़ी गंडक में निजी नावों के परिचालन पर रोक
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. 13 से 16 नवंबर तक बूढ़ी गंडक नदी में निजी नावों के परिचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इस अवधि में केवल सरकारी नावों को चलाने की अनुमति होगी. वहीं, प्रखंड क्षेत्र के नदी किनारे स्थित चिह्नित छठ घाटों पर एसडीआरएफ की टीम तैनात की जाएगी.

रोमांचक मुकाबलों के बाद पटना और मुंगेर ने फाइनल में बनाई जगह
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार और जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता में बिहार के सभी प्रमंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं. दिन के मुकाबलों में मुंगेर ने कोसी को हराया, जबकि तिरहुत ने दरभंगा पर जीत दर्ज की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए