Watch Video: बांका के शंभुगंज सीएचसी में सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, आधा दर्जन स्वास्थ्यकर्मी मिले गायब
सिविल सर्जन के बांका के शंभुगंज सीएचसी में औचक निरीक्षण के दौरान आधा दर्जन स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए. प्रसव कक्ष व्यवस्था पर भी जताई असंतोष.
बांका. शंभुगंज प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की सुबह सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान चिकित्सक, एएनएम सहित करीब आधा दर्जन स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले. कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर सिविल सर्जन ने कड़ी नाराजगी जतायी और सभी अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा. उन्होंने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही.
बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने पर जतायी नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि कुछ एएनएम छठ पर्व को लेकर छुट्टी पर गयी हैं. इस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार की ओर से पहले ही कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगायी गयी है. इसके बावजूद बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही है.
उन्होंने अनुपस्थित मिले चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात कर्मियों को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से पालन करना होगा. ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रसव कक्ष की व्यवस्था पर भी जताया असंतोष
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार ने अस्पताल के प्रसव कक्ष का भी निरीक्षण किया. वहां की व्यवस्था और विधि-व्यवस्था पर उन्होंने असंतोष जताया. इस दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं को किस तरह रखा जाता है और उन्हें समय पर दवाइयां उपलब्ध करायी जा रही हैं या नहीं, इसकी जानकारी ली.
इसके अलावा उन्होंने ओपीडी, आपातकालीन सेवा सहित अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न पंजियों का भी अवलोकन किया गया. उन्होंने संबंधित कर्मियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली.
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने का निर्देश
निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा को अस्पताल के कर्मियों पर नियंत्रण रखने और सभी से अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए. इसके लिए सभी कर्मियों की समय पर उपस्थिति और जिम्मेदारी के साथ काम करना जरूरी है. सिविल सर्जन ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने तथा ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही. औचक निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया गया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
