चांदन में रेलवे ट्रैक पर मिला सहरसा के युवक का शव, सिर पर धारदार हथियार के कई निशान, हत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन

मृतक रूपेश कुमार का फाइल फोटो. | Prabhat Khabar Network

देवघर-बांका रेलखंड पर चांदन रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

विज्ञापन

देवघर-बांका रेलखंड पर चांदन रेलवे स्टेशन के समीप जुगड़ी मोड़ के पास सोमवार को रेल लाइन के बगल से सहरसा जिले के 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ. युवक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं. प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सहरसा के युवक के रूप में हुई मृतक की पहचान

मृतक की पहचान सहरसा जिले के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के दिवारी गांव निवासी मणिकांत यादव के 30 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

देवघर जाने की बात कहकर घर से निकला था रूपेश

मृतक के छोटे भाई नीतीश कुमार उर्फ गुड्डु यादव ने पुलिस को बताया कि रूपेश रविवार की सुबह करीब चार बजे घर से निकला था. उसने बताया था कि गांव के बगल के बसौना गांव निवासी अनिल वर्मा देवघर में मकान बनाकर रहते हैं और उन्हें उनके निजी वाहन से देवघर छोड़ने के लिए वह घर से निकला था. देवघर पहुंचने के बाद करीब साढ़े दस बजे रूपेश देवघर स्टेशन पहुंचा और परिजनों को फोन कर बताया कि उसका पर्स गायब हो गया है. इसके बाद परिजनों ने उसे रुपये भेजे.

रुपये भेजने के बाद अचानक कट गया फोन

गुड्डु यादव के अनुसार, रुपये भेजने के बाद रूपेश से फोन पर बातचीत हो रही थी. इसी दौरान अचानक कॉल कट गया. दोबारा फोन करने पर मोबाइल पर रिंग गयी, लेकिन रूपेश ने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद परिजनों ने रात में ही सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी.

मोबाइल लोकेशन से चांदन पहुंचा परिवार

परिजनों के अनुसार, रूपेश के मोबाइल की लोकेशन चांदन थाना क्षेत्र में मिली. इसके बाद परिजन पुलिस के साथ चांदन पहुंचे. वहां रेल लाइन के पास रूपेश का शव पड़ा मिला. शव की स्थिति और सिर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए घटना को हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है.

पत्नी, बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी प्रियंका देवी, पुत्र रौनक कुमार, पुत्री साक्षी कुमारी, छोटे भाई गुड्डु यादव और पिता मणिकांत यादव समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोगों के बीच घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस टीम | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस टीम. | Prabhat Khabar Network

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सुमित शेखर, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, चांदन थानाध्यक्ष रवि कुमार और एएसआइ चंद्रधारी झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन में जुटी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन