कटोरिया नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण स्थल पर उठे सवाल, 300 से अधिक ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन के साथ प्रतिनिधिमंडल.
Katoria Nagar Panchayat : कटोरिया नगर पंचायत कार्यालय के प्रस्तावित निर्माण स्थल को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है. 300 से अधिक ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर स्थल को आम लोगों की पहुंच से दूर बताया है. उन्होंने प्रखंड मुख्यालय के पास अधिक सुविधाजनक स्थान पर निर्माण की मांग की है.
Katoria Nagar Panchayat : कटोरिया नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण स्थल को लेकर स्थानीय नागरिकों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है. बुधवार को नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी कार्यालय और अंचल कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर वर्तमान चयनित स्थल को अनुपयुक्त बताते हुए जनहित में कार्यालय का निर्माण किसी अधिक सुविधाजनक स्थान पर कराने की मांग की.
आपके शहर में
चयनित स्थल को बताया आम लोगों की पहुंच से दूर
ज्ञापन में कहा गया है कि जिस स्थान पर नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, वह नगर पंचायत के अधिकांश वार्डों और आम नागरिकों की पहुंच से काफी दूर है. ऐसे में लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए भी अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की अतिरिक्त खपत होगी.
प्रखंड मुख्यालय के पास उपलब्ध भूमि का दिया सुझाव
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पहले वार्ड पार्षदों और नगरवासियों को कार्यालय निर्माण के लिए एक अन्य उपयुक्त भूमि दिखाई गई थी और उसका निरीक्षण भी कराया गया था. इसके बावजूद बिना व्यापक जनसहमति के दूसरे स्थान का चयन कर लिया गया, जिससे लोगों में असंतोष है.
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि प्रखंड मुख्यालय से करीब 200 फीट की दूरी पर थाना संख्या-131 के समीप पीसीसी सड़क के किनारे उपलब्ध सरकारी भूमि नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण के लिए अधिक उपयुक्त होगी. नागरिकों के अनुसार यह स्थान चारों ओर से आबादी के बीच स्थित है और सभी वार्डों के लोगों के लिए आसानी से सुलभ होने के साथ-साथ भविष्य की प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप भी बेहतर है.
डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जनहित को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत कार्यालय के लिए सर्वसुलभ और उपयुक्त स्थान का चयन करने की मांग की. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन जनता की सुविधा और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगा.
300 से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षर
ज्ञापन पर 300 से अधिक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं. डीएम और सीओ कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपने वालों में उपचेयरमैन प्रतिनिधि फकरे आलम, पूर्व जिला परिषद सदस्य टुनटुन दास, वीरेंद्र सिंह, सुरेश दास, तुलो दास सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल थे.
ढाई करोड़ से अधिक की लागत से बनना है कार्यालय
गौरतलब है कि वर्तमान में कटोरिया नगर पंचायत कार्यालय भवन के निर्माण के लिए खांड़ीपर गांव के समीप मंगुआ बांध के निकट स्थित भूमि को स्वीकृति मिल चुकी है. इस भवन के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ 51 लाख 47 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए