कांवरियों से दुर्व्यवहार की सूचना नहीं देने पर कटोरिया थानाध्यक्ष निलंबित, शराबी युवक पर भी केस दर्ज

Updated:
विज्ञापन

निलंबित थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार | Prabhat Khabar Network

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के समापन के बाद कटोरिया बाजार में कांवरियों और पुलिस पदाधिकारियों से शराबी युवक द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को न देने पर कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है.

विज्ञापन

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के समापन के ठीक दूसरे दिन कटोरिया बाजार में कांवरिया दल और पुलिस पदाधिकारियों के साथ शराबी युवक द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. प्रकरण की सूचना वरीय अधिकारियों को नहीं देने के आरोप में भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार ने इंस्पेक्टर सह कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार को निलंबित कर दिया है. साथ ही उनका तबादला नवगछिया जिला पुलिस में कर दिया गया है. यह कार्रवाई बांका एसपी अमितेश कुमार की अनुशंसा पर की गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कांवरिया वाहन को रोककर युवक ने किया हंगामा

जानकारी के अनुसार 29 अगस्त शनिवार की देर शाम कटोरिया बाजार के सुईया रोड स्थित कॉलेज के समीप एक युवक ने बाबाधाम जा रहे कांवरिया दल के वाहन को कथित रूप से बेवजह रोक दिया. आरोप है कि युवक ने वाहन को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया और आसपास मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज भी की.

युवक के इस व्यवहार से कांवरिया दल में नाराजगी फैल गई. इसके बाद कांवरियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की.

पुलिस पदाधिकारियों से भी किया दुर्व्यवहार

पुलिस गिरफ्त में शराबी युवक | Prabhat Khabar Network
पुलिस गिरफ्त में शराबी युवक | Prabhat Khabar Network

सूचना मिलने के बाद डायल 112 की गश्ती टीम में शामिल महिला दारोगा प्रतिमा कुमारी और थाना गश्ती दल के एएसआई नारायण बैठा मौके पर पहुंचे. आरोप है कि युवक ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया.

पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक को हिरासत में लिया. इसके बाद उसे कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर मेडिकल जांच करायी गयी. जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी.

गिरफ्तार युवक की पहचान कटोरिया थाना क्षेत्र के बेलौनी गांव निवासी शंभु शर्मा के रूप में बतायी गयी है. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में बांका जेल भेज दिया गया.

सूचना छिपाना थानाध्यक्ष को पड़ा भारी

मामले में कार्रवाई यहीं नहीं रुकी. पूरे प्रकरण की सूचना वरीय अधिकारियों को नहीं दिए जाने को एसपी अमितेश कुमार ने गंभीरता से लिया. एसपी ने मामले से संबंधित रिपोर्ट भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार को भेजी.

एसपी की अनुशंसा और रिपोर्ट के आधार पर आईजी ने इंस्पेक्टर सह कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार को निलंबित कर दिया. इसके साथ ही उनका तबादला नवगछिया जिला पुलिस में कर दिया गया.

श्रावणी मेला खत्म होते ही पुलिस महकमे में हलचल

श्रावणी मेला के समापन के तुरंत बाद कांवरिया दल से जुड़े मामले में थानाध्यक्ष पर हुई इस कार्रवाई की चर्चा पुलिस महकमे से लेकर स्थानीय स्तर तक तेज हो गयी है. एक ओर जहां शराबी युवक द्वारा कांवरियों और पुलिस पदाधिकारियों से कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया, वहीं दूसरी ओर पूरे प्रकरण की सूचना वरीय अधिकारियों तक नहीं पहुंचने को लेकर थाना स्तर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे.

आईजी की कार्रवाई के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. खासकर श्रावणी मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान कांवरियों की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को लेकर इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन