कपड़ा धोने को लेकर पत्नी से हुआ विवाद, बेटों ने पिता को पीटा; गला दबाने का भी आरोप, अस्पताल में भर्ती
अस्पताल में इलाजरत जख्मी. | Prabhat Khabar Network
बांका के डुबोनी गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली पारिवारिक कलह के चलते बेटों ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया. पिता हीरालाल सिंह ने बताया कि मां से कपड़ा धोने को लेकर हुए विवाद को सुलझाने के बजाय बेटों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और गला दबाने की कोशिश की.
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के डुबोनी गांव में पत्नी से विवाद के बाद बेटों द्वारा पिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना में हीरालाल सिंह जख्मी हो गये. उन्हें इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया. घायल ने अपने दोनों बेटों सोनू और मोनू पर मारपीट करने और गला दबाने का आरोप लगाया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
आपके शहर में
कपड़ा धुलाई को लेकर पत्नी से हो रहा था विवाद
अस्पताल में इलाजरत हीरालाल सिंह ने बताया कि घर में कपड़ा धोने को लेकर उनका अपनी पत्नी के साथ विवाद हो रहा था. इसी दौरान उनके बेटे सोनू और मोनू वहां पहुंच गये.
पीड़ित के अनुसार, दोनों बेटों ने विवाद को शांत कराने के बजाय कथित रूप से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि दोनों ने उनका गला दबाने के साथ लाठी-डंडे से भी पिटाई की.
किसी तरह भागकर बचायी जान
हीरालाल सिंह ने बताया कि बेटों की मारपीट से वह बुरी तरह जख्मी हो गये. स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचायी. उनका आरोप है कि यदि वह समय रहते वहां से नहीं निकलते तो उनके साथ बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
मारपीट की घटना के बाद घायल हीरालाल सिंह को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया.
पुलिस पहुंची, मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पुलिस घरेलू विवाद के कारणों के साथ ही मारपीट के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है. घायल के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पिता-पुत्रों के बीच हुए इस विवाद को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए