चलती मेमू ट्रेन में चढ़ने में फल विक्रेता का पैर फिसला, गंभीर

Updated:
विज्ञापन

बौंसी बाजार के गुड़िया मोड़ निवासी 54 वर्षीय विनोद साह उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब वे झारखंड के नोनीहाट-भतूरिया स्टेशन के समीप सियालदह-गोड्डा मेमू ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे.

विज्ञापन

गार्ड की सतर्कता से बची जान, गंभीर रूप से घायल अधेड़ को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर किया गया रेफर

बौंसी, (बांका ) से संजीव पाठक की रिपोर्ट :

रोजी-रोटी की जद्दोजहद में निकले एक फल विक्रेता के साथ शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया. बौंसी बाजार के गुड़िया मोड़ निवासी 54 वर्षीय विनोद साह उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब वे झारखंड के नोनीहाट-भतूरिया स्टेशन के समीप सियालदह-गोड्डा मेमू ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे. हादसे में उनका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. विनोद साह ट्रेनों में फल एवं अन्य सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. शनिवार को वे जामुन बेचने के बाद हंसडीहा लौटने के उद्देश्य से मेमू ट्रेन पकड़ने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान ट्रेन में चढ़ते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे ट्रेन के नीचे गिर पड़े.

घटना बेहद भयावह थी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना बेहद भयावह थी. हालांकि ट्रेन के गार्ड की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी. गार्ड ने दुर्घटना को देख तत्काल ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया. करीब 700 मीटर आगे बढ़ने के बाद ट्रेन रोकी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों की मदद से घायल को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घायल अवस्था में विनोद साह को स्टेशन के समीप लाया गया, जहां स्टेशन प्रबंधक ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल इलाज की व्यवस्था शुरू की.

एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर किया कॉल पर कॉल का नहीं मिला जवाब

एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन काफी देर तक कॉल का कोई जवाब नहीं मिला. समय गंवाए बिना एक निजी वाहन की व्यवस्था कर उन्हें झारखंड के जरमुंडी अस्पताल भेजा गया. स्टेशन प्रशासन ने घायल के मोबाइल नंबर के आधार पर उनके परिजनों को भी घटना की सूचना दी.जानकारी मिलते ही परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे और उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देवघर स्थित एम्स ले जाया गया. रविवार को चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया.

बाएं पैर में घुटने के नीचे गंभीर चोटें

चिकित्सकों के अनुसार उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल उनका इलाज जारी है और परिवारजन उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं. जानकारी उसी ट्रेन में सफर कर रहे कुशमाहा गांव निवासी चंदन कुमार ने प्रभात खबर को दी. हादसे ने एक बार फिर रेल यात्रियों और छोटे व्यवसायियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन