बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई : बांका में छह लोग रंगे हाथ पकड़े गए, लाखों का जुर्माना और FIR दर्ज
बांका थाना का तस्वीर | Prabhat Khabar Network
Power Theft Raid : बांका जिले में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग का विशेष अभियान जारी है. शहर के बाबुटोला और विजयनगर मोहल्ला में हुई छापेमारी में 6 बिजली चोर रंगेहाथ पकड़े गए. सभी पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया गया है और FIR दर्ज की गई है.
Power Theft Raid : बांका जिले में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग लगातार विशेष छापेमारी अभियान चला रहा है. इसी क्रम में कनीय अभियंता अभय कुमार के नेतृत्व में शहर के बाबुटोला और विजयनगर मोहल्ला में सघन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं को अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया.
आपके शहर में
छह लोगों पर लगाया गया जुर्माना
छापेमारी के दौरान बाबुटोला निवासी मनोज यादव को बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जिन पर 20,489 रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं विजयनगर निवासी शांति देवी पर 43,158 रुपये, सुकदेव साह पर 40,080 रुपये, चांदनी साह पर पूर्व बकाया सहित 33,337 रुपये, शीला देवी पर पूर्व बकाया सहित 31,511 रुपये तथा गणेश तिवारी पर 13,478 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
बाइपास और टोका लगाकर हो रही थी बिजली चोरी
कनीय अभियंता अभय कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सभी आरोपी बाइपास और टोका लगाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए. टीम ने मौके पर ही बिजली चोरी की पुष्टि की, जिसके बाद सभी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गयी.
सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज
बिजली विभाग की ओर से छहों आरोपितों के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि कनीय अभियंता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
अभियान रहेगा जारी
कनीय अभियंता ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए जिलेभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा. जो भी उपभोक्ता अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
छापेमारी अभियान में कनीय अभियंता अभय कुमार के अलावा संतोष कुमार, अमन कुमार, बिजली मिस्त्री बिहारी लाल कामती और अमर कुमार यादव सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए