बांका में सड़क हादसे में एसआइ सूरज भूषण की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद पोल से टकरायी बाइक

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में रोते-बिलखते परिजन व इनसेट में एसआइ सूरज भूषण की फाइल फोटो.

बांका सदर थाना में पदस्थापित एसआई सूरज भूषण की बुधवार रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई. उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकराने के बाद बिजली के खंभे से जा भिड़ी. हादसे में उनके साथ मौजूद साथी सागर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

विज्ञापन

बांका सदर थाना में पदस्थापित एसआई सूरज भूषण की बुधवार की देर रात सड़क हादसे में मौत हो गयी. हादसा बांका पोस्ट ऑफिस के समीप हुआ. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायल बाइक सवारों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल पहुंचाया. इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अफसार अली ने जांच के बाद एसआई सूरज भूषण को मृत घोषित कर दिया. वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार बांका बेलूटीकर निवासी सागर कुमार गंभीर रूप से जख्मी हैं. उनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बिहारशरीफ शेरसराय के रहने वाले थे एसआइ सूरज

अपनी पत्नी व बच्चे के साथ एसआइ सूरज का फाइल फोटो.
अपनी पत्नी व बच्चे के साथ एसआइ सूरज का फाइल फोटो.

मिली जानकारी के अनुसार, एसआई सूरज भूषण बुधवार की रात अपने एक दोस्त के साथ पोस्ट ऑफिस के पास गये थे. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद उनकी बाइक बिजली पोल से टकरा गयी. हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गये. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. मृतक दारोगा नालंदा जिले के बिहारशरीफ शेरसराय के रहने वाले थे.

अस्पताल पहुंचते ही अधिकारियों ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ अमर विश्वास और सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की तहकीकात शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किस वाहन की भूमिका थी.

पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक का तस्वीर, इलाजरत जख्मी साथी, अस्पताल में रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
अस्पताल में रोते बिलखते परिजन. | Prabhat Khabar Network

दारोगा की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. पति का शव देखकर मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. पत्नी बार-बार दहाड़ मारकर रो रही थीं. इस दर्दनाक दृश्य से अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.

पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस की निगरानी में

घटना देर रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम गुरुवार की सुबह कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को अपनी निगरानी में रखा है. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल सागर कुमार का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मृतक का तस्वीर, इलाजरत जख्मी साथी, अस्पताल में रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
अस्पताल में इलाजरत जख्मी साथी. | Prabhat Khabar Network

सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि घटना कैसे और किस कारण हुई, इसकी जांच की जा रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. इसके अलावा अस्पताल में इलाजरत घायल साथी से भी पूछताछ की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें : जम्मू कश्मीर में तैनात बेगूसराय के BSF जवान मनीष सिंह की मौत, चार दिन पहले बिगड़ी थी तबीयत, वेंटिलेटर पर गई जान

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन