ePaper

औरंगाबाद में रफ्तार का कहर, NH 19 पर बोलेरो ने चाचा-भतीजे को रौंदा, दोनों की मौत

Updated at : 24 Jul 2024 4:53 PM (IST)
विज्ञापन
aurangabad news

नेशनल हाईवे 19 पर बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बुलेट सवार दो युवकों को कुचल दिया. जिससे उनकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने बोलेरो सवार चार युवकों में से एक को हिरासत में ले लिया है.

विज्ञापन

Bihar News: औरंगाबाद में नेशनल हाईवे 19 पर बारुण थाना क्षेत्र के बरडीह मोड़ के पास बुधवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने बुलेट सवार दो युवकों को कुचल दिया. इस घटना में बाइक सवार दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में नवीनगर प्रखंड के एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के अंकोरहा गांव निवासी नरेश यादव का 19 वर्षीय पुत्र चिंटू उर्फ ​​पंकज कुमार और गोरख यादव का 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार शामिल हैं. दोनों मृतक चाचा-भतीजा हैं. चिंटू का बड़ा भाई राजकुमार यादव अंकोरहा पंचायत का उपमुखिया है.

गाड़ियों के उड़े परखच्चे

परिजनों ने बताया कि प्रिंस और चिंटू दोनों औरंगाबाद में एक साथ पढ़ते थे. प्रिंस ने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की थी. दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे. दोनों किसी काम से घर गए थे, जहां से औरंगाबाद जा रहे थे. जैसे ही दोनों बरडीह मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने दोनों को रौंद दिया. हादसा इतना भीषण था कि बुलेट बाइक और बोलेरो के परखच्चे उड़ गए. दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

एक युवक ने निकाल ली पिस्तौल

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बारुण थाने की पुलिस को दी. साथ ही बोलेरो सवार चार लोगों को घेर लिया. इतने में एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और लोगों को दराने की कोशिश करने लगा. इसी बीच मौका देख तीन युवक भाग निकले. लेकिन पिस्तौल दिखाने वाला युवक भीड़ में फंस गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेते हुए पिस्तौल, बाइक और बोलेरो जब्त कर ली है. लोगों का कहना है कि चालक काफी तेज गति से बोलेरो चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ.

मुआवजे की मांग

पुलिसकर्मियों ने मृत दोनों युवकों को सदर अस्पताल पहुंचाया तथा घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर रोने लगे. घटना की खबर सुनते ही जिला पार्षद अनिल यादव, बैरिया पंचायत के मुखिया उपेंद्र कुमार मेहता, दर्शन कुमार, कमलेश मेहता, मुखिया अप्पू सिंह, पंचायत अध्यक्ष प्रमोद यादव, सुभाष यादव सहित अन्य लोग वहां पहुंचे तथा रो रहे परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग की है.

Also Read: मुजफ्फरपुर समेत 10 जिलों में गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट, आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना

क्या बोले थाना प्रभारी

बारुण थाना प्रभारी कुमार सौरभ ने बताया कि हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई है. फिलहाल हादसे में क्षतिग्रस्त बोलेरो और बुलेट बाइक को जब्त कर लिया गया है. वहीं, एक युवक और उसके पास से एक पिस्टल जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

विज्ञापन
Anand Shekhar

लेखक के बारे में

By Anand Shekhar

Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन