दोमोहान पुल का डायवर्शन निर्माण अंतिम चरण में, अगले सप्ताह शुरू हो सकता है आवागमन

Author Ambuj kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
नौ करोड़ से बने दोमोहान पुल के क्षतिग्रस्त होने पर 4.59 करोड़ की लागत से बन रहा डायवर्शन, कछुआ गति से हो रहा है कार्य, अभी अधूरा

दोमुहान पुल से आवागमन में हो रही परेशानी

Aurangabad News : औरंगाबाद-हरिहरगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर बटाने नदी का दोमोहान पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण डायवर्शन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. यह अगले सप्ताह तक शुरू हो सकता है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

विज्ञापन

Aurangabad News : औरंगाबाद-हरिहरगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर बटाने नदी स्थित दोमोहान पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद उसके विकल्प के रूप में बनाया जा रहा डायवर्शन अब तक तैयार नहीं हो सका है. इससे भारी वाहनों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पुल के समीप पैदल आवागमन भी जोखिम भरा बना हुआ है, जबकि बड़े वाहनों को लंबे वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है.

वर्ष 2012 में बना था करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से पुल

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2012 में लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से दोमोहान पुल का निर्माण कराया गया था. निर्माण के कुछ समय बाद ही पुल में तकनीकी खामियां सामने आने लगी थीं. मामला सामने आने पर पटना से उच्चस्तरीय जांच टीम पहुंची थी और पुल की मरम्मत कराई गई थी. इसके बावजूद समय के साथ पुल दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से उस पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई.

4.59 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है डायवर्शन

पुल बंद होने के बाद आवागमन बहाल रखने के लिए 15 जून से बटाने नदी में 4.59 करोड़ रुपये की लागत से डायवर्शन निर्माण का कार्य शुरू किया गया. निर्माण कार्य की निगरानी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा की जा रही है. हालांकि, लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण निर्माण कार्य की गति बीच-बीच में प्रभावित हुई है.

अगले सप्ताह शुरू हो सकता है वाहनों का परिचालन

एनएच के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर तुलसी प्रसाद ने बताया कि डायवर्शन निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले सप्ताह तक डायवर्शन को चालू कर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि डायवर्शन शुरू होने के बाद छोटे और बड़े सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा.

स्थायी समाधान के लिए पुल के पुनर्निर्माण की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है. व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं और मालवाहक वाहनों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. लोगों ने प्रशासन से डायवर्शन का निर्माण जल्द पूरा कराने के साथ-साथ दोमोहान पुल के स्थायी पुनर्निर्माण की दिशा में भी शीघ्र पहल करने की मांग की है.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



विज्ञापन
Ambuj Kumar

लेखक के बारे में

By Ambuj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन