जन्माष्टमी पर मेहंदिया बालाजी मंदिर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर सजा बालाजी वेंकटेश्वर धाम
मेहंदिया बालाजी मंदिर में जन्माष्टमी पर 10 हजार श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मंदिर में विशेष पूजा, कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी पूरी है।
Janmashtami in Arwal : अरवल के कलेर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मेहंदिया स्थित प्रसिद्ध श्री बालाजी मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. 4 सितंबर, शुक्रवार को मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा. पर्व को लेकर मंदिर प्रबंधन की ओर से साफ-सफाई, रंग-रोगन, सजावट और प्रकाश व्यवस्था का काम तेजी से कराया जा रहा है.
आपके शहर में
अखंड कीर्तन और भक्ति संगीत का होगा आयोजन
मंदिर के महंत श्री प्रद्युम्न आचार्य ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर अखंड कीर्तन, भक्ति संगीत और विशेष पूजा-अर्चना समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा. श्रद्धालुओं के लिए प्रकाश, पेयजल, ठहरने और भोजन समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है.
दस हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
महंत ने बताया कि इस बार जन्माष्टमी के मौके पर करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के मेहंदिया पहुंचने की उम्मीद है. संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है.
जन्माष्टमी पर अरवल के अलावा औरंगाबाद, जहानाबाद, पटना, आरा समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. हर वर्ष इन जिलों से श्रद्धालु मेहंदिया बालाजी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन-पूजन करते हैं.
स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण
जन्माष्टमी आयोजन में स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आने वाले कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. कलाकारों द्वारा भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे. इससे मंदिर परिसर का माहौल और अधिक भक्तिमय होने की उम्मीद है. श्रद्धालुओं के लिए कलाकारों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
आधी रात को विशेष पूजा-अर्चना
महंत श्री प्रद्युम्न आचार्य ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे. जन्मोत्सव के दौरान देर रात तक मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहने की संभावना है. इसे देखते हुए व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन लगातार तैयारियों में जुटा है.
अंतिम चरण में पहुंची तैयारियां
मेहंदिया स्थित श्री बालाजी मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. यहां प्रत्येक वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्य और भक्तिमय वातावरण में मनाया जाता है. अखंड कीर्तन, भक्ति संगीत, पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन को खास बनाते हैं.
जन्माष्टमी को लेकर मेहंदिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह है. मंदिर परिसर की सजावट के साथ श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मंदिर प्रबंधन को उम्मीद है कि इस बार भी जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच भव्य रूप से संपन्न होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए