सोन नदी के बढ़ते जलस्तर से अलर्ट हुआ अरवल प्रशासन, डीएम ने तटीय इलाकों का लिया जायजा
सोन नदी का निरिक्षण करती डीएम | Prabhat Khabar Network
सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अरवल डीएम ने तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और नदी के पास न जाने की सलाह दी है।
Arwal News : अरवल में सोन नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और संभावित बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. बुधवार को जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने सोन नदी के तटीय और संवेदनशील इलाकों का स्थल निरीक्षण कर जलस्तर, नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की.
आपके शहर में
संवेदनशील इलाकों में पहुंचीं डीएम
डीएम ने सहारपूल, अहियापुर लख और टूना छपरा के समीप सोन नदी के प्रवाह और जलस्तर की स्थिति का निरीक्षण किया. उन्होंने तटीय क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति, जल प्रवाह और संभावित संवेदनशील स्थलों का भौतिक जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की.
जलस्तर बढ़ा तो तुरंत हो कार्रवाई
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोन नदी के जलस्तर और जल प्रवाह पर लगातार निगरानी रखी जाए. जलस्तर में किसी भी अप्रत्याशित वृद्धि की स्थिति में बिना देर किए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
नदी और जलजमाव वाले इलाकों से रहें दूर
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से नदी के समीप और जलजमाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने को कहा है. बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देने की अपील की गयी है. अभिभावकों से बच्चों को नदी, नहर, तालाब और जलजमाव वाले स्थानों के आसपास जाने से रोकने को कहा गया है.
पशुओं को भी सुरक्षित रखने की अपील
प्रशासन ने पशुपालकों से अपने मवेशियों को नदी और तेज जल प्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष को दें सूचना
जिला प्रशासन ने कहा है कि बाढ़ या जलजमाव से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला नियंत्रण कक्ष को दी जाए.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता-सह-प्रभारी आपदा प्रबंधन बालेश्वर प्रसाद, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए