सब्जी लेने बाजार निकले युवक की अगले दिन नहर से शव बरामद
Published by : DEVENDRA DUBEY Updated At : 30 Jan 2026 6:10 PM
शरीर पर मिले गहरे जख्म के निशान, युवक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड था
चरपोखरी.
चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरांव गांव के उतर दिशा पलिया और नगरांव के बीच रास्ते में कटेया रजवाहा नहर से गुरुवार की शाम से लापता निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड का काम करनेवाले एक युवक का शव शुक्रवार की सुबह बरामद किया गया. मृतक की पहचान किनोडीहरी गांव निवासी बिंदेश्वरी सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अजय कुमार रूप में हुई है. वह चार भाइयों में मंझले भाई था. इनके छोटे भाई सेना में कार्यरत हैं. मृतक के शरीर पर गहरे जख्म के निशान और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है. परिजनों ने भी इसे हत्या करार दिया है. परिजनों के अनुसार अजय कुमार वर्तमान में हरियाणा के किसी शहर के एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे. वह छुट्टी लेकर गांव आये हुए थे. इसी क्रम में गुरुवार की शाम वह अपनी होंडा साइन बाइक से सब्जी लेने नगरी बाजार निकले थे. शाम साढ़े सात बजे के करीब उन्होंने अपनी पत्नी रीना कुमारी से फोन पर बात कर जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया. काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार सुबह उनका शव नहर से बरामद हुआ. घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर उनकी बाइक गिरी हुई मिली. बाइक में झोले में सब्जी टंगा हुआ था. इधर अजय कुमार की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वह अपने पीछे पत्नी रीना कुमारी, पुत्र विकास यादव (20) और दो पुत्रियां अंजलि (15) एवं खुशी (14) को छोड़ गये हैं. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं किया गया था. शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है.गोली या नुकीले हथियार से वार की आशंकाघटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पीरो कृष्ण कांत सिंह तथा चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में मृतक के बाएं बाजू और सिर के बीचों-बीच किसी नुकीले हथियार या गोली के गहरे निशान पाये गये हैं. डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है. बाएं हाथ पर गोली लगने जैसे जख्म भी दिखे हैं. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किये हैं. तकनीकी सुराग और सीडीआर खंगाल रही पुलिसपुलिस मामले के खुलासे के लिए तकनीकी अनुसंधान का सहारा ले रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल के आसपास का डंप डेटा निकाला जा रहा है और मृतक के मोबाइल की सीडीआर खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि आखिरी समय में वह किसके संपर्क में थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










