भोजपुर : जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजा बड़हरा, जलयात्रा के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय भागवत कथा महोत्सव
कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब | Prabhat Khabar Network
भोजपुर के बड़हरा प्रखंड में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सह ज्ञानयज्ञ महामहोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री बद्रीनाथ स्वामी जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
भोजपुर के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत पश्चिमी बबूरा पंचायत के दोकरियां, घुसरियां एवं कपूर दियरा गांव स्थित श्री ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सह साप्ताहिक ज्ञानयज्ञ महामहोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य जलयात्रा के साथ हुआ. धार्मिक आयोजन को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी.
आपके शहर में
जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री बद्रीनाथ स्वामी जी महाराज के सान्निध्य में हो रहा आयोजन
महामहोत्सव महान तपस्वी पूज्य श्री लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज के शिष्य एवं द्वारिकाधाम से पधारे जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री बद्रीनाथ स्वामी जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित किया जा रहा है.
श्रद्धालु यज्ञ मंडप से पवित्र कलश लेकर पूरे गांव की परिक्रमा करते हुए बबुरा जोड़ा मंदिर के समीप भागड़ नदी घाट पहुंचे, जहां आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल धारण कराया गया.
जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से गूंजा पूरा इलाका
जलयात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. श्रद्धालुओं के जय श्रीकृष्ण, राधे-राधे और हरि नाम के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता रहा. जलयात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे गांव में आस्था और उत्सव का माहौल बना हुआ है.
1 से 7 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 से 7 बजे तक होगी श्रीमद्भागवत कथा
आयोजन समिति के अनुसार, 1 सितंबर से 7 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा. इस दौरान जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री बद्रीनाथ स्वामी जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति की महिमा, धर्म, संस्कार और सनातन जीवन मूल्यों का श्रवण करेंगे.

7 सितंबर को कथा की पूर्णाहुति के बाद 8 सितंबर को होगा भव्य भंडारा
7 सितंबर को श्रीमद्भागवत कथा की पूर्णाहुति होगी. इसके अगले दिन 8 सितंबर को मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है. आयोजन को सफल बनाने के लिए दोकरियां, घुसरियां एवं कपूर दियरा सहित आसपास के ग्रामीण श्रद्धाभाव से जुटे हुए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए