आरा में मदर टेरेसा के 116वीं जयंती पर किया गया याद, दिसंबर में गरीबों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की तैयारी
मदर टेरेसा को श्रद्धांजलि देते लोग
Mother Teresa 116th Birth Anniversary : श्रीकृष्ण चेतना समिति सभागार में मदर टेरेसा की 116वीं जयंती पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान दीन-दुखियों की सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला गया और भोजपुर में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए समिति गठन तथा दिसंबर में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई.
Mother Teresa 116th Birth Anniversary : आरा रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर के सामने श्रीकृष्ण चेतना समिति सभागार में मदर टेरेसा की 116वीं जयंती मनायी गयी. कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन और मानव सेवा के कार्यों को याद करते हुए दीन-दुखियों की मदद को सच्ची सेवा बताया. समारोह में भोजपुर में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए समिति गठन और दिसंबर में वृहद मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की घोषणा भी की गयी.
आपके शहर में
श्रीकृष्ण चेतना समिति सभागार में हुआ आयोजन
आरा रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर के सामने श्रीकृष्ण चेतना समिति सभागार में मदर टेरेसा की 116वीं जयंती पर समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन मदर टेरेसा सेवाकर्मी भोजपुर के संस्थापक महासचिव अमरदीप कुमार जय के नेतृत्व में हुआ. अध्यक्षता सीताराम रवि ने की.
डॉ. केएन सिन्हा बोले- दीन-दुखियों की सेवा का दूसरा नाम मदर टेरेसा
समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिजिशियन और पूर्व भोजपुर एसीएमओ डॉ. केएन सिन्हा रहे. उन्होंने कहा कि दीन-दुखियों की सेवा का दूसरा नाम मदर टेरेसा है. उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि विदेश से भारत आयीं मदर टेरेसा ने असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया.
भोजपुर में जल्द बनेगी दधीचि अंगदान सेवा समिति
डॉ. केएन सिन्हा ने समारोह के दौरान बताया कि जल्द ही भोजपुर-आरा में ‘दधीचि अंगदान सेवा समिति’ बनायी जाएगी. उन्होंने अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और इस दिशा में सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया.
दिसंबर में होगा वृहद मेगा स्वास्थ्य शिविर
समारोह में दिसंबर में वृहद मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की भी जानकारी दी गयी. आयोजकों के अनुसार इस शिविर का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल द्वारा किया जाएगा. स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की योजना है.
2017 से असहाय और लावारिस लोगों की सेवा कर रही संस्था
कार्यक्रम संयोजक अमरदीप कुमार जय ने बताया कि उनकी संस्था वर्ष 2017 से असहाय और लावारिस लोगों की निःशुल्क देखभाल और सेवा कर रही है. उनके अनुसार संस्था की ओर से अब तक सैकड़ों गरीब लोगों की मदद की गयी है.
बिछड़े लोगों को परिवार से मिलाने का भी किया काम
अमरदीप कुमार जय ने बताया कि संस्था ने मानसिक रूप से परेशान और परिवार से बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने का काम भी किया है. इसके अलावा कई लावारिस शवों को उनके धर्म के अनुसार गांगी मोक्ष धाम श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कराने में सहयोग किया गया है.
27 अगस्त को गरीबों के लिए लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
उन्होंने बताया कि राधेश्वर आजाद उर्फ अवधेश सिंह नेता जी की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर 27 अगस्त को गरीब मजदूरों, कुलियों, टोटो, टेंपो और रिक्शा चालकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर दोपहर दो बजे से शुरू होगा. इसमें मुख्य चिकित्सक डॉ. केएन सिन्हा रहेंगे और मरीजों का निःशुल्क इलाज तथा दवा वितरण किया जाएगा.
वक्ताओं ने मानव सेवा को बताया सबसे बड़ा धर्म
समारोह में रमेश सिंह ‘रामप्रपन्न’ ने कहा कि असहाय मानवों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है. शिवदास सिंह ने मदर टेरेसा के जीवन को मानवता के लिए समर्पित बताया. सीताराम रवि ने उन्हें दीन-दुखी मानवता की मसीहा बताया और कहा कि उनके हृदय में करुणा, दया और प्रेम का भाव था.
मदर टेरेसा को बताया महान मानवतावादी
पादरी अनिल जीउत ने मदर टेरेसा को महान मानवतावादी बताया. डॉक्टर शीलभद्र ने कहा कि मानव सेवा ही धर्म है. कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता और पूर्व संयुक्त गृह सचिव, झारखंड सतीश कुमार ने मदर टेरेसा को धरती का महामानव और करुणामयी मां बताया.
निर्गुण भजन ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान कन्हैया व्यास ने निर्गुण भजन प्रस्तुत किया. इससे समारोह में आध्यात्मिक और भावपूर्ण माहौल बना रहा. यादव राम सकल सिंह भोजपुरिया ने मदर टेरेसा को महान आत्मा और विश्वहृदय बताया.
कई लोगों ने साझा किए अपने विचार
समारोह में रविंद्र राय, सुरेश भोजपुरी, रामबाबू प्रसाद चौरसिया, गोपाल जी साधु, शिवकुमार सिंह, जयप्रकाश यादव और शशिकांत यादव सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे. वक्ताओं ने जरूरतमंदों की सेवा और समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया.
Also Read : आरा में कातिबों की हड़ताल के बीच घटा रजिस्ट्री का आंकड़ा, 50 से सीधे 10 पर पहुंचा जमीन निबंधन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए