आरा में सड़क किनारे अतिक्रमण से यातायात बाधित, नगर निगम के पीछे जलजमाव, राहगीर तक परेशान
सड़क के दोनों तरफ किया गया अतिक्रमण
Arrah Encroachment : अतिक्रमण विरोधी अभियान के बावजूद, नगर निगम के पीछे सड़क किनारे अवैध कब्जे जारी हैं. झोपड़ियां, ईंट के घर और दुकानों के सामान ने सड़क को संकरा कर दिया है, जिससे वाहनों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी हो रही है.
Arrah Encroachment : आरा में पिछले महीने प्रशासन की ओर से कई दिनों तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था. इसके बावजूद नगर निगम के पीछे सड़क किनारे कई जगहों पर अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है. इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गयी है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
झोपड़ी और ईंट के घर से और संकरी हुई सड़क
सड़क के किनारे झोपड़ियां और ईंट के घर बनाकर जगह घेरने से आवागमन की समस्या और बढ़ गयी है. पहले से सीमित चौड़ाई वाली सड़क पर अतिक्रमण के कारण वाहनों के गुजरने के लिए कम जगह बचती है. इससे दिनभर लोगों को परेशानी होती है.
सड़क पर चौकी-कुर्सी रखने से बढ़ती है दिक्कत
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह और शाम सड़क पर ही चौकी, बिछावन और कुर्सियां लगा दी जाती हैं. इससे सड़क का उपयोग आने-जाने के बजाय बैठने के लिए भी होने लगता है. नतीजा यह है कि वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को किसी तरह रास्ता बनाकर गुजरना पड़ता है.
वाहनों के साथ पैदल यात्रियों को भी परेशानी
अतिक्रमण के कारण सड़क पर वाहनों का परिचालन मुश्किल हो रहा है. वहीं पैदल यात्रियों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती है. सड़क के किनारे अतिक्रमण रहने से लोगों को वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे असुविधा बनी रहती है.
पानी गिराने से सड़क किनारे जलजमाव
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण करने वाले लोगों द्वारा अनावश्यक रूप से पानी गिराये जाने के कारण सड़क के किनारे लगातार जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. इससे सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है तथा राहगीरों की परेशानी बढ़ जाती है.
निगम के बनाये आवास का भी हो रहा उपयोग
नगर निगम की ओर से इन लोगों के लिए आवास भी बनाये गये हैं, ताकि उन्हें सड़क किनारे रहने की जरूरत न पड़े. लेकिन स्थानीय स्तर पर यह शिकायत है कि कुछ लोग निगम द्वारा बनाये गये आवास को किराये पर दे देते हैं और खुद सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रहने लगते हैं.
कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रहा मनोबल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर अतिक्रमण और आवास के कथित गलत इस्तेमाल के बावजूद नगर निगम एवं जिला प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमण करने वालों का मनोबल बढ़ने की बात कही जा रही है.
यातायात व्यवस्था सुधारने की जरूरत
सड़क की वास्तविक चौड़ाई बहाल करने के लिए अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क पर चौकी, कुर्सी और अन्य सामान रखने पर भी रोक लगाने की जरूरत है. जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए भी संबंधित विभाग को ध्यान देने की आवश्यकता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए