आरा डीएम का एनीमिया के खिलाफ सख्त आदेश, 1 सितंबर से घर-घर होगी स्क्रीनिंग, अधिकारियों को मिला टास्क

Updated:
विज्ञापन

बैठक कर निर्देश देते जिलाधिकारी

Arrah Anemia-Free India Campaign : आरा में एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. जिलाधिकारी ने 1 सितंबर से घर-घर एनीमिया जांच और चिन्हित लोगों के उपचार का निर्देश दिया है. यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा.

विज्ञापन

Arrah Anemia-Free India Campaign : आरा में एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अभियान के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने पंचायतवार रोजाना एनीमिया की जांच कराने और चिन्हित लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने को कहा. बैठक में एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी मुक्त भारत और टीकाकरण समेत कई स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा हुई.

आपके शहर में

विज्ञापन

एनीमिया की जांच और उपचार पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जिन क्षेत्रों में प्रगति कम है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधार लाने को कहा गया. उन्होंने पंचायतवार लक्ष्य तय कर प्रतिदिन एनीमिया की जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

30 नवंबर तक चलेगा एनीमिया मुक्त बिहार अभियान

एनीमिया मुक्त बिहार अभियान की शुरुआत 25 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा पूरे बिहार में की गई है. यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा. अभियान के तहत सभी आयु वर्ग के लोगों में एनीमिया की जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाना है. इसमें किशोरियों और महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है.

चिन्हित लोगों को मिलेगा जरूरी उपचार

जिलाधिकारी ने जांच में एनीमिया से पीड़ित पाए जाने वाले लोगों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा.

1 सितंबर से एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान

‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत 1 सितंबर से 30 नवंबर तक विशेष एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की एएनएम के साथ घर-घर जाकर उच्च जोखिम वाले लोगों की पहचान करेंगी.

घर-घर जाकर होगी हाई रिस्क लोगों की पहचान

आशा कार्यकर्ता और एएनएम निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से उच्च जोखिम वाले लोगों की पहचान करेंगी. जरूरत के अनुसार उनकी जांच, उपचार और रेफरल की कार्रवाई की जाएगी. जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

टीबी मरीजों के इलाज और पोर्टल एंट्री पर जोर

टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी चिन्हित टीबी मरीजों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही संबंधित पोर्टल पर मरीजों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि कराने का निर्देश दिया.

प्रसव पूर्व जांच में इन प्रखंडों की उपलब्धि कम

बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य सूचकांकों की विस्तृत समीक्षा की गई. प्रसव पूर्व जांच में संदेश, पीरो, बड़हरा और सहार प्रखंडों की उपलब्धि अपेक्षाकृत कम पाई गई. जिलाधिकारी ने इन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सुधार लाने का निर्देश दिया.

संस्थागत प्रसव में तीन प्रखंड पीछे

संस्थागत प्रसव की समीक्षा में पीरो, तरारी और उदवंतनगर प्रखंडों की उपलब्धि कम मिली. संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया.

पूर्ण टीकाकरण में इन क्षेत्रों पर विशेष फोकस

पूर्ण टीकाकरण की समीक्षा के दौरान कोईलवर, आरा शहरी और सहार क्षेत्र की उपलब्धि अपेक्षाकृत कम पाई गई. डीएम ने टीकाकरण से वंचित और ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने का निर्देश दिया.

कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों की होगी नियमित मॉनिटरिंग

जिलाधिकारी ने सहार, संदेश, पीरो और उदवंतनगर समेत कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई के साथ नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि स्वास्थ्य योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे हो सकें.

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के संबंधित कर्मी और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न अभियानों की प्रगति और लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति पर चर्चा की गई.

Also Read : आरा के इस स्कूल में बच्चों ने दिखाया खेल का दमखम, कबड्डी से लेकर दौड़ और लंबी कूद तक में लिया हिस्सा



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन