गैस एजेंसी के मुंशी से रुपये की हुई छिनतई का खुलासा

सात आरोपितों में तीन धराये, घटना में प्रयुक्त दो बाइकें बरामदआरोपित कोईलवर छिनतई मामले में भी थे शामिल
कोईलवर.
थाना क्षेत्र के हरहंगी टोला बांध पर गैस गोदाम के मुंशी से हुई 55 हजार रुपये की लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया. घटना में शामिल तीन आरोपितों को पकड़ भी लिया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. पकड़े गये आरोपितों की पहचान थाना क्षेत्र के सकड्डी निवासी विष्णु महतो के पुत्र कुश कुमार और कटकैरा निवासी शंभुलाल राय के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गयी है. इस बाबत एसडीपीओ सदर-2 रंजीत कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 19 जनवरी की शाम कोईलवर थाना क्षेत्र के हरहंगी टोला बांध के समीप तीन बाइकों पर सवार सात अपराधियों ने बबुरा राजन इंडेन के मुंशी को रास्ते में घेरकर उनसे लूटपाट करने लगे. इसका विरोध करने पर उनमें से एक ने उनपर गोली चला दी थी. हालांकि इस घटना में गोली उनके सिर को छूती हुई निकल गयी और वे बाल बाल बच गये. घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इधर घटना के बाद दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के बाद पुलिस अपराधियों का पता लगाने में जुट गयी. कई पेशेवर अपराधियों की तफ्तीश और ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर शक की सुई इनपर गयी, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम से पर्दा हट गया.लाइनर की भूमिका में पेशेवर, बाकी सब नयेएसडीपीओ सदर-2 ने बताया कि इस घटना में शामिल अपराधियों में कई का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है. लूटकांड में जिसने लाइनर की भूमिका निभाई है वह पेशेवर है. उसी की निशानदेही पर घटना को अंजाम दिया गया. घटना से पहले कई दिनों तक रास्ते और मुंशी की एक्टिविटी की रेकी की गयी थी. घटना की शाम भी कोईलवर के एक चाय दुकान पर बैठकर प्लान बनाया गया और उसके बाद घटना को अंजाम दे दिया गया. पूछताछ के दौरान ही कोईलवर में बुजुर्ग से छिनतई का भी खुलासापकड़े गये तीनों अपराधियों से पूछताछ के दौरान ही 11 जनवरी को कोईलवर में बैंक से पैसे लेकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग से दो बाइकों पर सवार अपराधियों द्वारा 85 हजार रुपये की छिनतई का भी खुलासा हो गया. गैस गोदाम कर्मी को गोली मार पैसे लूटने के मामले में जब पुलिस ने इनसे सख्ती से पूछताछ की तो घटना में शामिल सकड्डी निवासी विष्णु महतो के पुत्र कुश कुमार ने कोईलवर पीएनबी से पैसे निकाल लौट रहे वृद्ध से छिनतई मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों ही आपराधिक घटना में इस्तेमाल की गयी ब्लू कलर की अपाचे बाइक जूते समेत अन्य चीजें बरामद कर ली है. साथ ही पकड़े गये तीनों के पास से दो मोबाइल के साथ, वादी गैस गोदाम के मुंशी का आधार कार्ड, पैन कार्ड, जनआरोग्य कार्ड, एटीएम कार्ड के साथ लूटी गयी रकम में से 10 हजार रुपये भी बरामद किया है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




