भारत-नेपाल सीमा पर 180 किलो गांजा बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
जप्त कार के साथ एसएसबी बल | Prabhat Khabar Network
भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनापुर क्षेत्र में एक संदिग्ध कार से 180 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
बथनाहा (अररिया). भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एसएसबी और बथनाहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त नाका दल ने गुरुवार देर रात सोनापुर क्षेत्र में एक संदिग्ध कार से 180 किलोग्राम गांजा बरामद किया. हालांकि, पुलिस और एसएसबी की कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. जब्त कार और गांजा को अग्रिम कार्रवाई के लिए बथनाहा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है.
आपके शहर में
सीमा स्तंभ 182 के पास लगाया गया था विशेष नाका
जानकारी के अनुसार एसएसबी 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 182 के समीप सोनापुर क्षेत्र में भारतीय सीमा के करीब 1.8 किलोमीटर अंदर विशेष नाका लगाया था. टीम सीमा क्षेत्र से आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रही थी.

नेपाल की ओर से आ रही कार को जांच के लिए रोका
इसी दौरान नेपाल की ओर से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रही संदिग्ध कार संख्या बीआर 38 क्यू 5406 को संयुक्त टीम ने जांच के लिए रोका. वाहन की तलाशी लेने पर काली पॉलिथीन में पैक छह बड़े बंडल बरामद किए गए.
जांच किट से गांजा होने की हुई पुष्टि
बरामद बंडलों की जांच मौके पर जांच किट के माध्यम से की गई. परीक्षण में पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई. इसके बाद बरामद गांजे का वजन कराया गया, जो कुल 180 किलोग्राम पाया गया. इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद सुरक्षा बलों ने वाहन को भी जब्त कर लिया.
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ तस्कर
पुलिस कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा. संयुक्त टीम ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका. अब जब्त कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
एसएसबी और पुलिस के जवान रहे शामिल
संयुक्त नाका दल में एसएसबी के चार जवानों के अलावा बथनाहा थाना के एसआई राजीव कुमार, नंद किशोर और मनीष कुमार शामिल थे. टीम ने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए यह कार्रवाई की.
वाहन मालिक और तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू ने बताया कि जब्त वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और तस्करों की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल लोगों की पहचान होने के बाद जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस गांजा की खेप के स्रोत और इसके संभावित गंतव्य की जानकारी जुटाने में भी लगी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए