36 घंटे बाद भी लापता 7 लोगों का नहीं चला पता, पूरे दिन गंगा में खोजबीन करती रही SDRF की टीम

Published by : Prashant Tiwari Updated At : 20 Jan 2025 8:59 PM

विज्ञापन

शवों की तलाश करती SDRF की टीम

Bhagalpur: प्रखंड के मेघु टोला गंगा घाट पर रविवार की सुबह हुए नाव हादसे में एक डेढ़ वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गयी थी. जबकि छह वर्षीय बच्ची समेत सात लोग लापता हो गये थे.

विज्ञापन

भागलपुर: प्रखंड के मेघु टोला गंगा घाट पर रविवार की सुबह हुए नाव हादसे में एक डेढ़ वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गयी थी. जबकि छह वर्षीय बच्ची समेत सात लोग लापता हो गये थे. 36 घंटे बीत जाने के बाद भी गंगा नदी में डूबकर लापता व्यक्तियों की कोई सुराग नहीं मिल पाया है. हालांकि एसडीआरएफ के टीम पूरे दिन खोजबीन मोटर बोट के जरिए करती रही. पर कोई सफलता नहीं मिली. गंगा नदी की चौड़ाई अधिक रहने एवं पानी काफी गहरा होने के कारण अब तक गंगा नदी में लापता व्यक्तियों की कोई सुराग नहीं मिल पाया है. सोमवार को डीएम मनेश कुमार मीणा एवं एसपी वैभव शर्मा ने मेघु टोला गंगा घाट पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम की ओर से की जा रही खोजबीन का जायजा लिया. नाव हादसे में अमदाबाद थाना क्षेत्र के उत्तरी करीमुल्लापुर पंचायत अंतर्गत प्राणपुर गांव निवासी पवन मंडल के परिजनों से डीएम व एसपी से मुलाकात किया. हालांकि रविवार की शाम में ही मृतक के आश्रितों को अंचलाधिकारी स्नेहा कुमारी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख का चेक दे दिया है. घटना के बाद मेघु टोला घाट पर अधिकारियों की आना-जाना लगा हुआ है. वहीं कई नेता भी पहुंचे थे. जबकि गंगा घाट पर लापता के परिजन सहित सैकड़ों की तादाद में लोगों की भीड़ पूरे दिन जमा रही. इस बीच लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है.

दस किलोमीटर के दायरे में खोजबीन, पर नहीं मिली सफलता

रविवार नाव दुर्घटना में डूबकर लापता सात लोगों के परिजन गंगा नदी के किनारे पूरे दिन इंतजार करते रहे. सोमवार को पूरे दिन परिजनों ने निजी नाव से भी काफी खोजबीन किया. एसडीआरएफ के टीम भी गंगा नदी के दोनों किनारे होते हुए करीब 10 किलोमीटर दूर तक खोजबीन की. लेकिन नदी में लापता व्यक्तियों की कोई पता नहीं चल पाया है.

डीएम ने कहा लापता लोगों को खोज हर स्तर से की जा रही 

जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने कहा कि रविवार को अमदाबाद थाना क्षेत्र के मेघु टोला गंगा घाट पर गंगा नदी में एक नौका दुर्घटना हुई थी. एक बच्चे समेत तीन लोगों का शव मिला है. सात लोगों के लापता होने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम से खोजबीन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सोमवार को लापता व्यक्ति की कुछ पता नहीं चला है. कोई रिकवरी नहीं है. खोजबीन जारी है. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया जा रहा है. खोजबीन की सभी प्रक्रिया को अपनाया जायेगा. आठ लोगों की जान बचाने वाले स्थानीय गब्बर सिंह व उनके भाई को पुरस्कृत किया जायेगा. इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत की.

गोताखोर 70 फीट नीचे जाकर कर रहे तलाश 

मौके पर एसडीआरएफ के डीएसपी सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर गोताखोर उतर गया है. घटनास्थल पर काफी ज्यादा गहरा पानी है. करीब 70 फीट नीचे तक गोताखोर लापता लोगों की तलाश के लिए गये थे. इसके बावजूद किसी का कोई पता नहीं चल पाया. घटना में डूबी नाव का भी कोई सुराग नहीं मिला है. उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ के एक अधिकारी एवं दो पदाधिकारी तथा 19 एसडीआरएफ कर्मी खोजबीन में जुटे हुए हैं.

गंगा नदी के किनारे अधिकारियों का लगा रहा जमघट 

गंगा नदी के किनारे मेघु टोला घाट पर डीएम मनेश कुमार मीणा व एसपी के साथ मनिहारी एसडीएम कुमार सिद्धार्थ व एसडीपीओ मनोज कुमार, थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी दुर्गेश कुमार, अंचलाधिकारी स्नेहा कुमारी, पुअनि सुनील कुमार सिंह, संजीत कुमार प्रसाद, सअनि शिव शंकर तिवारी, पीएसआई वीणा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे, जबकि प्रमुख प्रतिनिधि अजहर आलम एवं उप प्रमुख प्रतिनिधि माथुर मंडल, वार्ड सदस्य चेतन मंडल स्थानीय ग्रामीणों के साथ गंगा नदी में लापता व्यक्तियों की खोजबीन में सहयोग कर रहे थे.

नाव हादसे के बाद गंगा में नाव परिचालन हुआ ठप, प्रशासन सक्रिय 

नाव दुर्घटना के बाद अमदाबाद थाना क्षेत्र में संचालित दो घाट पूर्ण रूप से सोमवार को बंद रहा. यात्रियों की काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. अमदाबाद प्रखंड के गोलाघाट से साहिबगंज जिला के सकरी गली घाट के लिए नाव खुलता है. दिन में सुबह 9:00 बजे एवं दोपहर 12:30 बजे यहां के पैसेंजर लेकर सकरीगली के लिए प्रस्थान करती है. सुबह 11:00 बजे एवं दोपहर 3:00 बजे सकरी गली से गोलाघाट के लिए नाव आती है. झब्बू टोला घाट से भी गदाई दियारा के लिए नाव खुलता है. सोमवार को दोनों ही घाट पर नौका परिचालन पूर्ण रूप से बंद रहा. जिससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

नावों पर क्षमता से अधिक यात्रियों के लोड करने पर होगी कार्रवाई 

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अंचल पदाधिकारी मयंक आशुतोष आनंद ने महानंदा नदी के रैयापुर बलिहारपुर कबैया घाट पर चल रहे नावों का सोमवार को निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अंचल पदाधिकारी ने नाविकों को जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी नाव में क्षमता के अनुसार ही लोगों को सवार करना है. नावों में ओवरलोड नहीं करना है. ताकि नाव में सवार यात्रियों को कोई कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े. अमदाबाद में नाव पलटने के दौरान हुई मौत के बाद निरीक्षण का आदेश दिया गया है. मौके पर जदयू जिला सचिव अंजार आलम, समिति पति सिकचल साह सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

नाव हादसे में जान गंवाने वालों के परिजन को मिला चार लाख का चेक 

प्राणपुर थाना क्षेत्र के बुद्धनगर गांव के नाव दुर्घटना में मृतक के परिजनों को चार लाख का चेक दिया गया. मेघु टोला से सकरी गली जाने के क्रम में गंगा नदी के बीच मझधार में नाव पलट गयी थी. बुद्धनगर गांव निवासी सुधीर मंडल 53 वर्ष की मौत हो गयी थी. उनके पुत्र विभीषण मंडल को विधायक निशा सिंह, मुखिया रोशन कुमार राम की उपस्थिति में प्राणपुर अंचल पदाधिकारी इस्लाम अंसारी ने परिजन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में चार लाख रुपए का चेक दिया.

मनसोखा गांव में पसरा है सन्नाटा

प्राणपुर थाना क्षेत्र के मनसोखा गांव की बच्ची सहित चार लोग मेघु टोला अमदाबाद नाव दुर्घटना में लापता हैं. जिससे मनसोखा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. लापता के परिजनों में कोहराम मचा है. उनके घरों में दूसरे दिन भी चूल्हा नहीं जला. ग्रामीणों ने बताया मनसोखा गांव से झारखंड के सकरीगली जाने के क्रम में मेघु टोला अमदाबाद के समीप गंगा नदी में नाव पलट गई. जिसकी सूचना पर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. बताया जाता है कि इसी नाव पर मनसोखा गांव के सुदाम मंडल उम्र 65 वर्ष, संजय मंडल उम्र 51 वर्ष, दिलीप मंडल उम्र 44 व, स्वीटी कुमारी उम्र 11 वर्ष पिता दिलीप मंडल सभी साकिन मनसोखा वार्ड संख्या आठ निवासी लापता है. जिससे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.

इसे भी पढ़ें: हत्यारों को सांसद-विधायक बनाना चाहते हैं चिराग, बिहार के निर्दलीय सांसद ने केंद्रीय मंत्री पर बोला हमला

विज्ञापन
Prashant Tiwari

लेखक के बारे में

By Prashant Tiwari

प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola