कौन हैं सारांश जैन? जिन्होंने 33 साल की उम्र में भारत के लिए किया टेस्ट डेब्यू
सरांश जैन (फोटो- सोशल मीडिया)
मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन ने 33 साल की उम्र में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया है. घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन और पिता से मिली प्रेरणा की कहानी जानें.
Saransh Jain Debut: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को भारत की प्लेइंग-11 में शामिल किया गया. 33 साल की उम्र में उन्होंने कोलंबो में अपना टेस्ट डेब्यू किया. उन्हें दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टेस्ट कैप सौंपी. सारांश को कुलदीप यादव की जगह टीम में शामिल किया गया है.
Saransh Jain Debut: घरेलू क्रिकेट में लगातार किया शानदार प्रदर्शन
सारांश जैन का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड उनकी काबिलियत की कहानी बयां करता है. उन्होंने अप्रैल 2014 में प्रोफेशनल क्रिकेट में कदम रखा था. अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों में वह 188 विकेट हासिल कर चुके हैं. इस दौरान उनके नाम 2,223 रन भी हैं, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में सारांश ने 47 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 38 विकेट और 553 रन हैं. वहीं 20 टी20 मैचों में उन्होंने 18 विकेट लिए हैं. टी20 क्रिकेट में उनका इकॉनमी रेट 6.25 का रहा है.
Saransh Jain Debut: रणजी ट्रॉफी में बल्ले और गेंद से किया कमाल

2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन सारांश जैन के लिए बेहद खास रहा. उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए सात मैचों में 518 रन बनाए और टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. इस दौरान उनका औसत 57.55 रहा. उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक भी लगाए. गेंदबाजी में भी सारांश ने अपनी छाप छोड़ी. उन्होंने 30 विकेट चटकाए और मध्य प्रदेश के लिए कुमार कार्तिकेय के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उनका गेंदबाजी औसत 20.43 रहा.
ये भी पढ़ें: IND vs SL, 2nd Test Day 1 Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू, यशस्वी-राहुल की नजरें अच्छी शुरुआत पर
Saransh Jain Debut: इंडिया ए के लिए भी किया शानदार प्रदर्शन
श्रीलंका दौरे पर इंडिया ए की ओर से खेलते हुए सारांश ने भारतीय टीम के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत की. जून-जुलाई में खेले गए दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में दूसरे मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. सारांश ने छह विकेट लेने के साथ नाबाद 70 रन की पारी खेली. इससे पहले मुंबई के खिलाफ ईरानी ट्रॉफी में छह विकेट लेना भी उनके करियर का अहम पड़ाव रहा था.
Saransh Jain Debut: पिता से मिली क्रिकेटर बनने की प्रेरणा
सारांश जैन के क्रिकेटर बनने के पीछे उनके पिता सुबोध जैन का बड़ा योगदान रहा है. सुबोध खुद मध्य प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल चुके हैं. उन्होंने 1990 के दशक में मध्य प्रदेश की ओर से नौ फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले थे. सारांश अपने पिता को अपना हीरो मानते हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिता की वजह से ही उन्होंने क्रिकेट को करियर के तौर पर चुना.
Saransh Jain Debut: मंदिर से लौटे तो मिली टीम इंडिया में चयन की खबर
सारांश जैन को भारतीय टेस्ट टीम में चुने जाने की खबर भी बेहद खास अंदाज में मिली. इंदौर के हनुमान मंदिर से लौटने के बाद उन्होंने अपना फोन देखा तो उसमें कई मिस्ड कॉल और बधाई के संदेश थे. तभी उन्हें पता चला कि उनका चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में हो गया है.
ये भी पढ़ें: IND vs SL 2nd Test: भारत खेलेगा विदेशी जमीन पर 300वां टेस्ट, गिल-जडेजा के पास खास रिकॉर्ड का मौका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए