श्रेयस अय्यर के बैकअप की तलाश में जुटी टीम इंडिया, वनडे टीम में हो सकती है तिलक वर्मा की एंट्री

Updated:
विज्ञापन

श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा फोटो—एक्स

भारतीय टीम 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए मिडल ऑर्डर में मजबूत बैकअप विकल्प तलाश रही है. बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को तैयार किया जा रहा है. जानें यह रणनीति क्यों महत्वपूर्ण है.

विज्ञापन

Tilak Verma: भारतीय टीम ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी अभी से शुरू कर दी है. टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता खासतौर पर मिडिल ऑर्डर में मजबूत बैकअप विकल्प तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं. इसी कड़ी में तिलक वर्मा का नाम श्रेयस अय्यर के संभावित बैकअप के तौर पर देखा जा रहा है.

विज्ञापन

क्या बनाता है तिलक को खास

तिलक वर्मा के पक्ष में सबसे बड़ी बात उनका बाएं हाथ का बल्लेबाज होना है. भारतीय बल्लेबाजी क्रम में दाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या ज्यादा है और ऐसे में तिलक टीम को बाएं हाथ का विकल्प देकर बैटिंग लाइनअप में संतुलन दे सकते हैं. हालांकि, टीम मैनेजमेंट उन्हें सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर तैयार नहीं करना चाहता. रिपोर्ट के मुताबिक, तिलक की ऑफ स्पिन पर भी काम किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर वह गेंद से भी योगदान दे सकें.

बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी पर भी नजर

टीम मैनेजमेंट तिलक की ऑफ स्पिन को एक अतिरिक्त विकल्प के तौर पर देख रहा है. वनडे क्रिकेट में ऐसे खिलाड़ियों की अहमियत बढ़ जाती है, जो अपनी मुख्य भूमिका के साथ कुछ ओवर गेंदबाजी भी कर सकें. पिछले कुछ समय में भारतीय टीम को प्लेइंग इलेवन का संतुलन बनाने के लिए वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल जैसे ऑलराउंडरों को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजना पड़ा है. ऐसे में टीम ऐसा विकल्प तैयार करना चाहती है, जो मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने के साथ जरूरत पड़ने पर गेंद से भी योगदान दे सके.

रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की अगुआई वाला टीम मैनेजमेंट मिडिल ऑर्डर में बैकअप विकल्पों को लेकर काम कर रहा है. हार्दिक पंड्या और नितीश कुमार रेड्डी की उपलब्धता को लेकर भी समय-समय पर सवाल रहे हैं. ऐसे में टीम की कोशिश ऐसे खिलाड़ियों का पूल तैयार करने की है, जो जरूरत के समय बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकें.

मिडिल ऑर्डर में क्यों चाहिए बैकअप?

2027 वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है. ऐसे में भारतीय टीम को अलग-अलग परिस्थितियों के लिए अभी से अपने विकल्प तैयार करने होंगे. श्रेयस अय्यर भारतीय वनडे टीम के मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. वह नंबर-4 की भूमिका में टीम के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं, लेकिन चोटों के कारण उनका करियर कई बार प्रभावित हुआ है. ऐसे में चयनकर्ता अब उनके विकल्प को तैयार रखने पर ध्यान दे रहे हैं. यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग पोजिशन के लिए बैकअप तैयार करना चाहता है. किसी प्रमुख खिलाड़ी के चोटिल होने या उपलब्ध नहीं रहने की स्थिति में टीम का संतुलन प्रभावित न हो, इसके लिए यह तैयारी अहम है.

ये भी पढ़ें: शुभमन गिल-अभिषेक शर्मा भी पीछे, शेर-ए-पंजाब T20 लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी है सनवीर सिंह

खिलाड़ियों को उनकी विशेषज्ञ भूमिका में खिलाने की तैयारी

टीम मैनेजमेंट अब खिलाड़ियों को उनकी विशेषज्ञ भूमिका से हटाकर खिलाने के बजाय उन्हें उसी पोजिशन पर तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. पिछले साल रुतुराज गायकवाड़ को नंबर-4 पर उतारा गया था और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रायपुर में शतक भी लगाया था. हालांकि, इसके बाद से उन्हें वनडे टीम में नियमित जगह नहीं मिली. इसी तरह देवदत्त पडिक्कल को भी वनडे सेटअप में जल्दबाजी में शामिल करने के बजाय उनकी विशेषज्ञ भूमिका को ध्यान में रखा जा रहा है. उन्होंने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बतौर ओपनर अपनी पहचान बनाई है और टीम उन्हें उसी भूमिका में तैयार करना चाहती है.

वर्ल्ड कप से पहले कई मौकों पर परखे जाएंगे विकल्प

भारत के पास 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले अपने बैकअप विकल्पों को परखने के लिए काफी क्रिकेट है. सितंबर के अंत और अक्टूबर की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को तीन वनडे मैच खेलने हैं. इसके बाद न्यूजीलैंड दौरे पर नवंबर में पांच वनडे मुकाबले खेले जाने हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे 27 सितंबर, 30 सितंबर और 3 अक्टूबर को खेले जाएंगे. वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे 4, 7, 10, 13 और 15 नवंबर को होंगे. इन सीरीज में चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के पास युवा खिलाड़ियों को आजमाने और बैकअप विकल्पों को परखने का अच्छा मौका होगा.

ये भी पढ़ें: Duleep Trophy: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने कप्तानी मिलते ही लिया DRS, पहली ही कोशिश में सही साबित हुआ फैसला, देखें वीडियो


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola