बेन स्टोक्स के संन्यास पर मचा बवाल, ICC ने ECB को भेजा नोटिस; जानें क्या है पूरा मामला

Updated:
विज्ञापन
बेस्ट स्टोक्स (फोटो-सोशल मीडिया)

बेस्ट स्टोक्स (फोटो-सोशल मीडिया)

बेन स्टोक्स के संन्यास के ऐलान के वीडियो को लेकर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) विवादों में है. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने ECB से इस मामले पर जवाब मांगा है. ECB ने ड्रेसिंग रूम मीटिंग का वीडियो जारी किया था, जिस पर ICC को आपत्ति है.

विज्ञापन

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के संन्यास से जुड़ा एक वीडियो अब विवादों में घिर गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखकर खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) से जुड़े नियमों के संभावित उल्लंघन पर स्पष्टीकरण मांगा है.

मामला पिछले महीने ट्रेंट ब्रिज में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट से जुड़ा है. चौथे दिन के खेल शुरू होने से पहले स्टोक्स ने इंग्लैंड की ड्रेसिंग रूम मीटिंग में अपने साथियों को बताया था कि यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा और इसके बाद वह क्रिकेट को अलविदा कह देंगे.

ECB ने इस बातचीत का वीडियो मैच के चौथे दिन चाय के ब्रेक से ठीक पहले सोशल मीडिया पर जारी कर दिया था. वीडियो सार्वजनिक होते ही स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने स्टोक्स के समर्थन में जोरदार तालियां बजाईं. दिलचस्प बात यह रही कि घोषणा के सार्वजनिक होने के तुरंत बाद स्टोक्स ने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट हासिल कर लिया.

ICC को किस बात पर आपत्ति?

BBC की रिपोर्ट के अनुसार, ICC का मानना है कि मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम के अंदर रिकॉर्ड किया गया ऑडियो-वीडियो सार्वजनिक करना उसके एंटी-करप्शन और PMOA मानकों के खिलाफ हो सकता है. PMOA के अनुच्छेद 2.2.11 के मुताबिक, टीमों के ड्रेसिंग रूम में प्रसारण उद्देश्यों के लिए कोई स्थायी या अस्थायी वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण नहीं लगाया जा सकता. ICC ने ECB को बताया है कि PMOA क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई वीडियो सामग्री को ऑडियो के साथ मैच खत्म होने से पहले सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए. हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक ICC और ECB की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

स्टोक्स ने क्या कहा?

जब स्टोक्स से पूछा गया कि वीडियो को मैच के बीच में जारी करने का फैसला कैसे लिया गया, तो उन्होंने कहा कि यह निर्णय ECB की मीडिया टीम ने लिया था. स्टोक्स ने कहा, "मैंने सिर्फ इतना कहा था कि आप लोग माइकल लम्ब और नील फेयरब्रदर के साथ काम करते हैं, इसलिए आप ही इसकी योजना बनाएं." स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड को नए टेस्ट कप्तान की तलाश है. मौजूदा उपकप्तान हैरी ब्रूक को इस पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: 142 साल का इंतजार खत्म, पहली बार महिला टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा लॉर्ड्स


विज्ञापन
Ujjawal Sinha

लेखक के बारे में

By Ujjawal Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola