‘जोश और जज्बे की कमी होती है...’, विराट को पसंद नहीं थे ये मैच, पूर्व कोच का खुलासा

Bharat Arun on Virat Kohli. Image: Social Media/X
Bharat Arun on Virat Kohli: विराट कोहली ने 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी, अपने 14 साल के करियर को उन्होंने 147 शब्दों में समेटा. उनके इस फैसले पर दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं आईं और उनके साथ काम कर चुके लोगों ने भी पुरानी यादें साझा करनी शुरू कीं. पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने बताया कि विराट कोहली को अभ्यास मैचों की बजाय नेट्स में समय बिताना ज्यादा पसंद था.
Bharat Arun on Virat Kohli: विराट कोहली ने सोमवार, 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी. 14 साल तक चले लंबे कैरियर को विराट ने इंस्टाग्राम पर महज 147 शब्दों में समेट कर रख दिया. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के अपने सफर दिल के बेहद करीब बताया और कहा कि जब वे इसे एक मुस्कान के साथ वापस पलट कर देखेंगे. अपनी टेस्ट कैप संख्या 269 को साइनिंग ऑफ करके उन्होंने विदा ले ली. विराट के रिटायरमेंट पर दुनिया भर से बधाइयों और शुभकामनाओं का तांता लग गया. इसके साथ ही उनके साथ खेल और समय बिताए लोगों ने भी अब इतने सालों की बातों को एक-एक कर खोलना शुरू किया है. इसी सिलसिले में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने मंगलवार को कहा कि दिग्गज विराट कोहली ने कभी भी अभ्यास मैचों को ज्यादा पसंद नहीं किया और वह इसकी जगह नेट सत्र में समय बिताना चाहते थे.
कोहली के कप्तानी के दिनों में भारतीय कोचिंग टीम के अहम सदस्यों में शामिल रहे अरुण ने कहा कि इस दिग्गज खिलाड़ी के साथ काम करना उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ पलों में से एक है. अरुण ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘भारतीय और विश्व टेस्ट क्रिकेट को उनकी और उनके व्यक्तित्व की कमी खलेगी. मैंने भारत के गेंदबाजी कोच के रूप में अपने कुछ बेहतरीन पल विराट कोहली की कप्तानी में बिताए हैं.’’
अरुण ने कहा कि कोहली ने अभ्यास मैचों को कभी पसंद नहीं किया. उन्होंने कहा, ‘‘कोहली का मानना था कि अभ्यास मैचों में मुख्य मैचों की तरह जोश और जज्बे की कमी होती है. उन्होंने कभी अभ्यास मैचों का लुत्फ नहीं उठाया. वह इसकी जगह नेट सत्र में अधिक समय बिताना चाहते थे और हमेशा सबसे तेज विकेट का चुनाव कर गेंदबाजों या थ्रोडाउन विशेषज्ञों से 16 गज की दूरी से गेंद डालने को कहते थे.’’

विराट की कमी खलेगी
कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. उन्होंने 123 टेस्ट मैचों में 30 शतक की मदद से 9230 रन बनाये. इस दौरान उनका औसत 46.85 का रहा. वह 68 मैचों में 40 जीत के साथ भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान है. अरुण ने कहा, ‘‘कोहली ने किसी भी चीज से ज्यादा इस प्रारूप का सम्मान किया और इस प्रारूप को उनकी कमी खलेगी.’’
इंग्लैंड दौरे पर विराट का दावेदार
विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद उनकी नंबर चार की जगह पर कई चर्चाएं हैं. इनमें कप्तान की रेस में भी आगे चल रहे शुभमन गिल के साथ श्रेयस अय्यर, बी साईं सुदर्शन और सरफराज खान का नाम सबसे आगे है. भारत 20 जून से पांच टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड का दौरा करने वाला है, जिससे वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के चक्र की शुरुआत करेगा. बीसीसीआई को भी इंग्लैंड दौरे के लिए काफी माथापच्ची करनी पड़ेगी, जिसमें कप्तान का चुनाव करना भी शामिल है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बोर्ड 20-23 मई तक अपने स्क्वॉड की घोषणा कर सकता है.
IPL 2025 दोबारा शुरू हो, तो ये चीजें न हों, सुनील गावस्कर की BCCI से मार्मिक अपील
‘अब पहले जैसा नहीं रहेगा…’, विराट के रिटायरमेंट पर भावुक हुईं प्रीति जिंटा, कहीं ये बातें
‘भारत के लिए बड़ा नुकसान’, मोइन अली ने बताया टेस्ट सीरीज में क्यों इंग्लैंड की रहेगी बढ़त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




