ePaper

IPL 2023: निकोलस पूरन और मार्कस स्टोयनिस ने लखनऊ को आरसीबी पर दिलायी यादगार जीत, देखें तस्वीरें

Updated at : 11 Apr 2023 6:42 AM (IST)
विज्ञापन
IPL 2023: निकोलस पूरन और मार्कस स्टोयनिस ने लखनऊ को आरसीबी पर दिलायी यादगार जीत, देखें तस्वीरें

लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को एक हाई स्कोरिंग मैच में उसके घरेलू मैदान पर उसे एक विकेट से हरा दिया है. लखनऊ ने 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह मैच जीता. निकोलस पूरन और मार्कस स्टोयनिस मैच के हीरो रहे. पूरन ने इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक भी जड़ा.

विज्ञापन
undefined

निकोलस पूरन के 19 गेंद में 62 रन और मार्कस स्टोइनिस के आक्रामक 65 रन की मदद से लखनऊ सुपर जाइंट्स ने आईपीएल के बेहद रोमांचक मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हरा दिया है. कप्तान फाफ डु प्लेसी, विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल के आक्रामक अर्धशतकों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 212 रन बनाये.

undefined

जवाब में पूरन और स्टोइनिस ने लखनऊ की यादगार जीत की नींव रखी. पूरन ने इस सत्र का सबसे तेज अर्धशतक महज 15 गेंदों में जड़ डाला. इससे पहले आरसीबी के लिये डु प्लेसी 46 गेंद में 79 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कोहली ने 44 गेंद में 61 रन बनाये. दोनों ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर पहले विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की.

undefined

लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने काइल मायर्स को आउट किया. चौथे ओवर में दीपक हुड्डा को वेन परनेल ने विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों लपकवाया. परनेल ने एक गेंद बाद कृणाल पंड्या को भी इसी अंदाज में आउट किया. लखनऊ का स्कोर चार ओवर में तीन विकेट पर 23 रन था.

undefined

इसके बाद स्टोइनिस ने हाथ खोलने शुरू किये और हर्षल पटेल तथा कर्ण शर्मा को चौके छक्के जड़े. उन्होंने शाहबाज अहमद को दो छक्के लगाकर दस ओवर के बाद लखनऊ को तीन विकेट पर 91 रन तक पहुंचाया. स्टोइनिस को शर्मा ने डीप प्वाइंट पर अहमद के हाथों लपकवाया.

undefined

लखनऊ के कप्तान केएल राहुल का खराब फॉर्म जारी रहा और वह 20 गेंद में 18 रन बनाकर सिराज की गेंद पर कोहली को कैच दे बैठे. उधर पूरन ने अपनी पारी में चार चौके और सात छक्के लगाये. उन्होंने अकेले दम पर ही मैच का पासा पलट डाला. इससे पहले आरसीबी के लिये धीमी शुरूआत के बाद कोहली ने दूसरे ओवर में आवेश खान को एक छक्का और एक चौका लगाकर रनगति को बढ़ाया.

undefined

आवेश के अगले ओवर में कोहली ने तीन चौके जड़े. इसके अगले ओवर में उन्होंने कृणाल पंड्या को छक्का लगाया. कोहली ने मार्क वुड को सिर के ऊपर से चौका लगाया और फिर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ा. उन्होंने नौवें ओवर में रवि बिश्नोई की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया.

undefined

आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने कोहली के सहायक की भूमिका निभाते हुए ढीली गेंदों को नसीहत दी. कोहली 12वें ओवर में अमित मिश्रा की गेंद पर स्क्वेयर लेग में मार्कस स्टोइनिस को कैच देकर लौटे. डुप्लेसी को जमने में समय लगा लेकिन ग्लेन मैक्सवेल ने आते ही मिश्रा को चौका और छक्का लगाकर अपने तेवर जाहिर कर दिये. उन्होंने 29 गेंद में 59 रन की पारी खेली.

undefined

डुप्लेसी ने बिश्नोई को 15वें ओवर में तीन छक्के जड़े. उन्होंने वुड को छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 18वें ओवर में जयदेव उनादकट की गेंदों पर चौकों छक्कों की बौछार करके 23 रन लिये. मैक्सवेल ने आवेश को लगातार दो छक्के जड़कर सिर्फ 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. दोनों की शतकीय साझेदारी सिर्फ 44 गेंद में पूरी हो गई. मैक्सवेल 19वें ओवर में वुड की गेंद पर आउट हुए.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola