बांग्लादेश ने पाकिस्तान का किया सूपड़ा साफ, 2-0 से हराकर घर में जीती पहली टेस्ट सीरीज

Published by : Ritu Raj Updated At : 20 May 2026 12:14 PM

विज्ञापन

बांग्लादेश खिलाड़ी पाकिस्तान को हराने के बाद जश्न मनाते हुए

BAN vs PAK: बांग्लादेश ने अपनी ही धरती पर इतिहास रचते हुए 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान को क्लीन स्वीप (2-0) कर दिया. दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने पाक टीम को 78 रनों से करारी शिकस्त दी है.

विज्ञापन

BAN vs PAK: बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है. दूसरे टेस्ट मैच में जीत के लिए बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 437 रनों का भारी-भरकम लक्ष्य दिया था. जवाब में पाकिस्तानी टीम इस लक्ष्य का पीछा करने में पूरी तरह नाकाम रही और बांग्लादेश ने यह मुकाबला 78 रनों से जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया.

5वें दिन पहले ही सेशन में सिमटी पाकिस्तान की पारी

दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन पाकिस्तान को जीत के लिए 121 रन चाहिए थे, जबकि उसके सिर्फ 3 विकेट बचे थे. मैच के अंतिम दिन पहले सेशन में मोहम्मद रिजवान और साजिद खान ने संघर्ष दिखाते हुए 8वें विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की. बांग्लादेश के गेंदबाज तैजुल इस्लाम ने साजिद खान को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. इसके अगले ही ओवर में मोहम्मद रिजवान भी चलते बने, जिन्हें शोरीफुल इस्लाम ने अपना शिकार बनाया. रिजवान अपने चौथे और घर से बाहर पहले टेस्ट शतक के बेहद करीब थे. इसके बाद तैजुल इस्लाम ने खुर्रम शहजाद को आउट कर पाकिस्तान की पारी समेट दी और बांग्लादेश ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली.

तैजुल इस्लाम ने बरपाया कहर

बांग्लादेश से मिले 437 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम दूसरी पारी में 358 रनों पर सिमट गई और मुकाबला 78 रनों से हार गई. पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिजवान ने 166 गेंदों पर सर्वाधिक 94 रन बनाए. जबकि कप्तान शान मसूद और सलमान आगा ने 71-71 रनों का योगदान दिया. हालांकि, ये जुझारू पारियां भी टीम को हार से नहीं बचा सकीं. बांग्लादेश की जीत के सबसे बड़े हीरो स्पिनर तैजुल इस्लाम रहे, जिन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ कर रख दी. तैजुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 34.2 ओवरों में 120 रन देकर अकेले ही पाकिस्तान के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया.

दूसरे टेस्ट का कैसा रहा हाल

मुकाबले की बात करें तो बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पहली पारी 232 रनों पर सिमट गई. इस तरह बांग्लादेश को पहली पारी के आधार पर 46 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली. इसके बाद बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में 390 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया और पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 437 रनों का विशाल लक्ष्य रखा. आपको बता दें कि इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में भी बांग्लादेश ने शानदार खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को 104 रनों से करारी शिकस्त दी थी.

विज्ञापन
Ritu Raj

लेखक के बारे में

By Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola