ऑस्ट्रेलिया से पार नहीं पा सका भारत, T20 World Cup जीतने का सपना टूटा

ऑस्ट्रेलिया के लक्ष्य 185 रन का पीछा करते हुए भारतीय टीम 19 ओवर और एक गेंद पर ऑल आउट हो गयी
मेलबर्न : ऑस्ट्रेलिया ने सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी और एलिसा हीली के अर्धशतक के बाद मेगान स्कट की अगुआई में शानदार गेंदबाजी की बदौलत रविवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत को 85 रन से हराकर पांचवीं बार ट्रॉफी अपने नाम की.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन खेले गये मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम छठी बार फाइनल में पहुंची थी. इससे पहले उसने 2010, 2012, 2014, 2018 में खिताब जीता था जबकि 2016 में उसे फाइनल में वेस्टइंडीज से हार मिली थी.
ऑस्ट्रेलिया ने एमसीजी पर टास जीतकर बल्लेबाजी करते हुए मूनी (नाबाद 78) और हीली (75 रन) के अर्धशतकों से चार विकेट पर 184 रन बनाये. इसके बाद उसकी गेंदबाजों ने भारतीय टीम को 19.1 ओवर में महज 99 रन पर समेट दिया जो पहली बार इसके फाइनल में पहुंची थी.
ऑस्ट्रेलिया के लिये मेगान स्कट ने 3.1 ओवर में 18 रन देकर चार विकेट और जेफ जोनासेन ने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके. सोफी मोलीनेक्स, डेलिसा किमिन्स और निकोला कारे ने एक एक विकेट हासिल किया. भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला सेमीफाइनल बारिश से रद्द होने के बाद ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहने के कारण खिताबी मुकाबले में जगह बनायी थी.
टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराने वाली भारतीय टीम आज दबाव का सामना नहीं कर पायी और शीर्ष क्रम के चरमराने से उसकी पहला खिताब जीतने की उम्मीद टूट गयी. केवल चार बल्लेबाज ही दोहरे अंक के स्कोर तक पहुंच सकी जिसमें दीप्ति शर्मा 33 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं.
शीर्ष क्रम बल्लेबाज शेफाली वर्मा (02), स्मृति मंधाना (11), जेमिमा रोड्रिग्स (शून्य) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (04) छह ओवर में पवेलियन लौट गयीं. वहीं विकेटकीपर तानिया भाटिया दूसरे ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गयी. स्पिनर जेस जोनासेन की गेंद उनके हेलमेट पर लगी थी.
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट झटकना जारी रखा. दीप्ति शर्मा के अलावा वेदा कृष्णमूर्ति (19) और ‘कनकशन’ स्थानापन्न खिलाड़ी ऋचा घोष (14) ही कुछ रन जुटा सकीं और पूरी टीम 99 रन पर सिमट गयी. इससे पहले हीली और मूनी ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए अर्धशतकीय पारियां खेली और ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट पर 184 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में मदद की.
मूनी शीर्ष स्कोरर रहीं लेकिन हीली ने 75 रन की पारी खेलकर सुर्खियों बटोरीं जिनका कैच शेफाली वर्मा ने पारी की पांचवीं गेंद (दीप्ति शर्मा के ओवर) पर छोड़ दिया था. इन दोनों ने भारतीय गेंदबाजों पर मैदान के चारों ओर रन जुटाये. उन्होंने 39 गेंद की पारी के दौरान सात चौके और पांच छक्के जमाये. हीली और मूनी ने 11.5 ओवर में पहले विकेट के लिये 115 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को शानदार शुरुआत करायी जिसने टास जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया.
हीली की तरह मूनी ने भी कैच छूटने से मिले मौके का फायदा उठाया. चौथे ओवर में राजेश्वरी गायवकाड़ ने अपनी गेंद पर उनका कैच लेने का मौका गंवा दिया जिससे वह 41 गेंद में अपने अर्धशतक पर पहुंची. मूनी ने अपनी 54 गेंद की नाबाद पारी के दौरान 10 बाउंड्री लगायी. पहले मैच में भारत से हारने के बावजूद गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने प्रबल दावेदार के रूप में फाइनल में प्रवेश किया.
मेग लैनिंग की अगुआई वाली टीम ने ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन किया और हीली ने पहली ही गेंद से भारतीय आक्रमण की धज्जियां उड़ायीं. हीली की शानदार पारी का अंत 12वें ओवर में हुआ जब वह बायीं हाथ की स्पिनर राधा यादव की गेंद पर लांग आन बाउंड्री लगाने के चक्कर में वेदा कृष्णमूर्ति को कैच दे बैठीं. हीली के आउट होने के बाद मूनी ने जिम्मेदारी से खेलते हुए कप्तान लैनिंग के साथ 39 रन जोड़े. इसके बाद दीप्ति के 17वें ओवर में दो विकेट चटकाने से थोड़ी देर के लिये भारत ने दबाव बनाया.
लैनिंग (06) को दूसरी गेंद पर शिखा पांडे ने कैच लेकर आउट किया, जबकि तीन गेंद के बाद एशले गार्डनर को तानिया भाटिया ने स्टंप आउट किया. राशेल हेनेस (04) 19वें ओवर में पूनम यादव की गेंद पर बोल्ड हुई. मूनी ने जिम्मेदारी से खेलना जारी रखा और निकोला कारे (नाबाद 05) के साथ नाबाद रहीं.
दोनों ने ऑस्ट्रेलिया को 190 रन के करीब पहुंचाया. भारत की स्पिनर दीप्ति (38 रन देकर दो विकेट), राधा यादव (34 रन देकर एक विकेट) और पूनम यादव (30 रन देकर एक विकेट) ने ऑस्ट्रेलिया को 200 रन के अंदर रोकने में अच्छा प्रदर्शन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरबिंद कुमार मिश्रा
अरबिंद कुमार मिश्रा मुख्यधारा की पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले एक वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में, वह प्रभात खबर डॉट कॉम (Prabhat Khabar) में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अरबिंद नेशनल, इंटरनेशनल और स्पोर्ट्स कैटेगरी में अपनी लेखनी के लिए जाने जाते हैं. गहरी रिसर्च पर आधारित स्पेशल स्टोरीज, रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' लिखना उनकी मुख्य यूएसपी (USP) है.
झारखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं में उनकी गहरी रुचि है. अपनी उत्कृष्ट और सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग के लिए उन्हें संस्थान स्तर पर कई बार सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जा चुका है.
करियर का सफरनामा
अरबिंद ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत देश की प्रतिष्ठित बहुभाषी न्यूज एजेंसी 'हिंदुस्थान समाचार' से बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद उन्होंने प्रसार भारती के अंग दूरदर्शन और आकाशवाणी के साथ भी काम किया, जहां उन्होंने एंकरिंग, वॉइस-ओवर और रिपोर्टिंग के गुर सीखे. साल 2011 में वह 'प्रभात खबर डॉट कॉम' से जुड़े और तब से लगातार डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
प्रमुख उपलब्धियां और ग्राउंड रिपोर्टिंग
खेल पत्रकारिता और जमीनी रिपोर्टिंग में अरबिंद का योगदान उल्लेखनीय रहा है. उनकी कुछ सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हैं:
34वें राष्ट्रीय खेल: झारखंड में आयोजित ऐतिहासिक 34वें नेशनल गेम्स की बेहतरीन और व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में आयोजित कई इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों को करीब से कवर किया.
पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप (2018): भुवनेश्वर में आयोजित वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले की शानदार स्पोर्ट्स रिपोर्टिंग.
पंचायतनामा: प्रभात खबर के इस खास विंग के लिए ग्रामीण इलाकों का दौरा कर कई प्रेरक 'सक्सेस स्टोरीज' लिखीं.
शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)
UGC NET: साल 2019 में यूजीसी नेट (UGC NET) की परीक्षा उत्तीर्ण की.
बैचलर ऑफ जर्नलिज्म (BJMC): रांची विश्वविद्यालय से साल 2011 में पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की.
एम.ए. (नागपुरी भाषा): रांची विश्वविद्यालय के 'जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग' से साल 2009 में नागपुरी भाषा में स्नातकोत्तर (MA) की डिग्री हासिल की.
लेखन शैली और विशेषज्ञता: एक्सप्लेनर, रिसर्च बेस्ड स्टोरीज, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेशनल अफेयर्स और झारखंड की लोक-संस्कृति.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










