Asian Games 2026 से पहले भारत की बढ़ी टेंशन, 5 खिलाड़ियों को नहीं मिला जापान का वीजा
एशियन गेम्स 2026 (फोटो- सोशल मीडिया)
एशियन गेम्स 2026 की तैयारी में भारतीय दल को बड़ा झटका लगा है. जापान के लिए 4-5 एथलीटों को अभी तक वीजा नहीं मिल पाया है, जिससे उनकी तैयारी और देश के मेडल अभियान पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
Asian Games India athletes: एशियन गेम्स 2026 के शुरू होने से पहले भारतीय दल के सामने एक नई परेशानी खड़ी हो गई है. जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम के करीब 4-5 खिलाड़ियों को अब तक वीजा नहीं मिल पाया है. हालांकि, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) को उम्मीद है कि मामला जल्द सुलझ जाएगा. अगर मामला नहीं सुलझता है तो इसका असर भारत के मेडल अभियान पर पड़ेगा.
4-5 एथलीटों का वीजा अटका
74 सदस्यों वाली भारतीय एथलेटिक्स टीम के ज्यादातर सदस्य जापान पहुंच चुके हैं. टीम के कई खिलाड़ी एशियन गेम्स से पहले अक्लिमेटाइजेशन कैंप (वातावरण के अनुकूल होने के लिए लगाये गये कैंप) में हिस्सा ले रहे हैं, ताकि प्रतियोगिता से पहले जापान के मौसम और परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढाल सकें. हालांकि, करीब 4-5 एथलीटों के वीजा अभी लंबित बताए जा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, AFI इस मामले को जल्द सुलझाने के लिए सरकार से संपर्क कर सकता है.
वीजा में देरी की वजह क्या है?
रिपोर्ट के अनुसार, वीजा और पासपोर्ट से जुड़ी सेवाएं देने वाली आउटसोर्सिंग कंपनी VFS ने आवेदन को लेकर एक अहम शर्त बताई है. इसके मुताबिक, आवेदन उसी स्थान पर किया जाना चाहिए जहां संबंधित पासपोर्ट जारी किया गया है. यही प्रक्रिया कुछ खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बनी है. हालांकि, AFI अधिकारियों को उम्मीद है कि खिलाड़ियों के जापान रवाना होने से पहले इस समस्या का समाधान हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: बदल गया टीम इंडिया के मैचों का समय, जानें भारत के मुकाबले कब और कितने बजे होंगे
अक्लिमेटाइजेशन कैंप पर पड़ेगा असर?
वीजा में देरी का सबसे बड़ा असर खिलाड़ियों की तैयारी पर पड़ सकता है. अगर खिलाड़ियों को जापान पहुंचने में देर होती है, तो उन्हें टोक्यो के पास चल रहे अक्लिमेटाइजेशन कैंप में बाकी टीम के मुकाबले कम समय मिल सकता है. ऐसी स्थिति में कुछ खिलाड़ी सीधे नागोया जाकर टीम से जुड़ सकते हैं. इससे उन्हें स्थानीय परिस्थितियों, मौसम और यात्रा की थकान से सामंजस्य बैठाने के लिए कम समय मिल सकता है.
बाकी टीम पहुंच चुकी है जापान
भारतीय एथलेटिक्स टीम के ज्यादातर सदस्य सुकुबा यूनिवर्सिटी पहुंच चुके हैं. वहां खिलाड़ी 20 सितंबर तक ट्रेनिंग करेंगे. इसके बाद एथलेटिक्स टीम नागोया के लिए रवाना होगी. एशियन गेम्स में एथलेटिक्स के मुकाबले 23 सितंबर से शुरू होने हैं. ऐसे में वीजा समस्या का समय रहते हल होना इन खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
क्यों अहम है यह मामला?
- भारतीय एथलेटिक्स टीम में 74 सदस्य हैं.
- करीब 4-5 खिलाड़ियों के वीजा अभी लंबित बताए जा रहे हैं.
- ज्यादातर एथलीट जापान पहुंचकर तैयारी शुरू कर चुके हैं.
- सुकुबा यूनिवर्सिटी में 20 सितंबर तक ट्रेनिंग प्रस्तावित है.
- एथलेटिक्स इवेंट 23 सितंबर से शुरू होंगे.
- वीजा में ज्यादा देरी होने पर खिलाड़ियों को अक्लिमेटाइजेशन कैंप का फायदा नहीं मिल पाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए