तीन साल के अकाल के बीच कैसे स्थापित हुआ कष्टभंजन देव मंदिर?
सारंगपुर मंदिर में विराजमान कष्टभंजन देव हनुमान की प्रतिमा (तस्वीर- इंस्टाग्राम)
Kashtbhanjan Dev Hanuman Story: गुजरात के सारंगपुर में स्थित कष्टभंजन देव हनुमान मंदिर की स्थापना की कहानी करीब 175 साल पुरानी है. मान्यता है कि गोपालानंद स्वामी की छड़ी के स्पर्श से हनुमान जी की मूर्ति हिलने लगी थी. जानिए इस मंदिर का इतिहास, हनुमान जी के चरणों में क्यों विराजते हैं शनिदेव और कष्टभंजन देव की कहानी पर बनी फिल्म के बारे में.
Kashtbhanjan Dev Hanuman Story: गुजरात के बोटाद जिले के सारंगपुर में स्थित कष्टभंजन हनुमान मंदिर देश के प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में गिना जाता है. यहां बजरंगबली को कष्टभंजन देव के नाम से पूजा जाता है. मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दर्शन करने वाले भक्तों के दुख और संकट दूर होते हैं. लेकिन आखिर हनुमान जी को यह नाम कैसे मिला और इस मंदिर की स्थापना के पीछे क्या कहानी है?
Salangpur Temple History: तीन साल के अकाल से परेशान था सारंगपुर गांव
इस मंदिर की कहानी 19वीं सदी की है. उस समय गुजरात का सारंगपुर गांव लगातार तीन साल तक बारिश नहीं होने के कारण भयंकर अकाल और संकट से जूझ रहा था. गांव के लोगों के सामने खाने-पीने से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक का संकट खड़ा हो गया था.
इसी दौरान गांव के भक्त दरबार वाघा खाचर ने महान संत गोपालानंद स्वामी से लोगों की परेशानियां दूर करने की प्रार्थना की. उनकी प्रार्थना सुनकर स्वामी जी ने गांव में हनुमान जी का मंदिर स्थापित करने का संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें: नारद जी की एक बात से टूट गया था विंध्य पर्वत का घमंड, 6 महीने की तपस्या से प्रकट हुए थे भगवान शिव
Gopalanand Swami Story: गोपालानंद स्वामी के स्पर्श से हिलने लगी थी मूर्ति!
मंदिर से जुड़ी धार्मिक मान्यता के अनुसार, गोपालानंद स्वामी ने विक्रम संवत 1905 में हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा (मूर्ति में देव शक्ति का आह्वान करने की पूजा) की थी.
कहा जाता है कि प्राण प्रतिष्ठा के दौरान स्वामी जी ने अपने दंड यानी छड़ी से हनुमान जी की मूर्ति को स्पर्श किया. इसके बाद मूर्ति में कंपन होने लगा और वह जीवंत दिखाई देने लगी. भक्तों ने इस घटना को हनुमान जी के साक्षात प्रकट होने के रूप में देखा.
इसी मान्यता के कारण हनुमान जी को कष्टभंजन देव कहा जाने लगा. कष्टभंजन का अर्थ है दुख और परेशानियों को दूर करने वाला.

Shani Dev Hanuman Story: हनुमान जी के चरणों में क्यों विराजते हैं शनिदेव?
सारंगपुर मंदिर की एक और खास मान्यता शनिदेव से जुड़ी है. धार्मिक कथा के अनुसार, जब हनुमान जी शनिदेव को दंड देने पहुंचे तो उनसे बचने के लिए शनिदेव ने स्त्री रूप धारण कर लिया और उनके चरणों में शरण मांग ली.
इसी कथा के कारण मंदिर में शनिदेव को हनुमान जी के चरणों के पास विराजमान दिखाया जाता है. भक्तों की मान्यता है कि यहां दर्शन और पूजा करने से शनि की साढ़ेसाती, शनि दोष और जीवन की परेशानियों से राहत मिलती है.
ये भी पढ़ें: जेल में बंद राजा की भक्ति देखकर प्रकट हुए भगवान शिव, जानिए भीमाशंकर की पौराणिक कहानी
King of Salangpur Movie: कष्टभंजन देव की कहानी पर बनी गुजराती फिल्म
सारंगपुर के इसी धार्मिक इतिहास और गोपालानंद स्वामी से जुड़ी मान्यताओं को अब बड़े पर्दे पर भी दिखाया गया है. इस पर आधारित गुजराती फिल्म 'किंग ऑफ सालंगपुर' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म में कष्टभंजन देव मंदिर की स्थापना से जुड़ी कहानी के साथ आज के दौर में जीवन की मुश्किलों से जूझ रहे लोगों की कहानी भी दिखाई गई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए