जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू, रांची में गूंजेगा कान्हा का जयकारा, कई जगह फूटेगी दही-हांडी
आज से रांची में मनेगी जन्माष्टमी
Janmashtami 2026: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर रांची में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार निशीथ काल में भगवान कृष्ण की पूजा और जन्मोत्सव मनाने का विशेष महत्व है. इसके बाद व्रती पारण कर सकेंगे. रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर दो दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जहां दही-हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. मोरहाबादी और चिरौंदी में भी बाल गोपाल, बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता, रासलीला और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
Janmashtami 2026: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर रांची सहित पूरे झारखंड में भक्तों में उत्साह है. पंचांग के अनुसार, 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी. पं. पुरनेंदु पाठक के अनुसार, शुक्रवार को अष्टमी तिथि रात 11:13 बजे तक रहेगी, जबकि रोहिणी नक्षत्र रात 11:11 बजे तक रहेगा. इस दौरान निशीथ काल में पूजा का विशेष महत्व रहेगा. जन्माष्टमी की पूजा रात 11:25 बजे से 12:30 बजे के बीच की जाएगी. इसके बाद व्रती पारण कर सकेंगे.
जयंती योग में होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, अष्टमी और रोहिणी के संयोग से इस बार जन्माष्टमी पर विशेष योग बन रहा है. धार्मिक मान्यता में इस संयोग को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए बेहद शुभ माना जाता है. भक्त इस दौरान भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना करेंगे और आधी रात को कान्हा के जन्म का उत्सव मनाएंगे. मंदिरों और घरों में भजन-कीर्तन के साथ विशेष पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं.
ये भी पढ़ें: Janmashtami Vrat 2026: कब खोलें जन्माष्टमी व्रत? जानें पारण का समय और सावधानियां
अल्बर्ट एक्का चौक पर दो दिवसीय महोत्सव
रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर 4 और 5 सितंबर को दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा. समिति के अनुसार, इस बार नमो दही-हांडी प्रतियोगिता भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी. 4 सितंबर को शाम 3 बजे श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकी और विभिन्न कार्यक्रम होंगे. 5 सितंबर को शाम 3 बजे दही-हांडी प्रतियोगिता के साथ भजन संध्या और नृत्य-नाट्य का आयोजन किया जाएगा.
मुंबई और वृंदावन की टीमें देंगी सांस्कृतिक प्रस्तुति
जन्माष्टमी महोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकार भी शामिल होंगे. मुंबई की सतीश कृष्णमूर्ति एंड पार्टी के करीब 40 कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. वहीं वृंदावन और मथुरा से पहुंचने वाली राजेश शर्मा एंड पार्टी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन करेगी. आयोजन को लेकर समिति के संरक्षक संजय सेठ, अजय मारू और अध्यक्ष मुकेश काबरा सहित अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हैं.
मोरहाबादी में बाल गोपाल प्रतियोगिता
मोरहाबादी में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किया जा रहा है. यहां 3 सितंबर को बाल गोपाल और 4 सितंबर को दही-हांडी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी. बाल गोपाल प्रतियोगिता में बच्चों के लिए अलग-अलग गतिविधियां रखी गई हैं. वहीं चिरौंदी में बाल गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें 0 से 5 वर्ष और 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भाग ले सकेंगे.
चिरौंदी में रासलीला और भजन संध्या
चिरौंदी में दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या और रासलीला का भी आयोजन होगा. आयोजन स्थल पर बुधवार को भूमि पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई. समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि इस बार बच्चों, युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए कई कार्यक्रम रखे गए हैं. जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है और बाल गोपाल की पोशाक, मुकुट, मोर पंख और अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए