ePaper

Jharkhand Tourism: पर्यटकों को लुभा रहा लोहरदगा का पिकनिक स्पाॅट, यहां पहुंचना है आसान

Updated at : 21 Dec 2022 8:53 PM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Tourism: पर्यटकों को लुभा रहा लोहरदगा का पिकनिक स्पाॅट, यहां पहुंचना है आसान

लोहरदगा में पर्यटन के खूबसूरत स्थल है. वहीं, नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण है लोहरदगा के पिकनिक स्पॉट. लावापानी, केकरांग, निंदी, धरधरिया और चूल्हापानी जलप्रपात की अनोखी छटा सैलानियों का मनमोह लेती है. पहाड़ों को काटकर बनाए गए आवागमन की सुगम रास्ते के कारण सैलानियों का आने का सिलसिला जारी है.

विज्ञापन
undefined
सैलानियों के आकर्षण का केंद्र है लोहरदगा का पर्यटन स्थल

समुद्र तल से करीब 2200 फीट की ऊंचाई पर अवस्थित लोहरदगा जिला को प्रकृति ने अपने नैसर्गिक सौंदर्य से सजाया और संवारा है. ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों से परिपूर्ण होने के साथ-साथ यह जिला पुरातात्विक धरोहरों के कारण अपनी विशिष्ट पहचान रखता है. यहां की सुरम्य वादियां, वनाच्छादित पठारी झरना, खनिज पदार्थों से परिपूर्ण भूभाग, जनजातीय संस्कृति एवं लोक संगीत सदियों से सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बना रहा है. यहां की शंख नदी और कोयल नदी कलकल करती अपनी मधुर आवाज से मन-मस्तिष्क को तनाव मुक्त कर देती है. केकरांग जलप्रपात, लावापानी जलप्रपात, निंदी जलप्रपात, धरधरिया जलप्रपात, चूल्हापानी जलप्रपात अपनी अनोखी छंटा से लोगों का मन मोह लेती है. जबकि बगडू, पाखर, सेरेंगदाग हिल, नंदिनी जलाशय अपनी सुंदरता के लिए पहचानी जाती है.

undefined
ऑपरेशन डबल बूम ने नक्सलियों के उखाड़े पैर

पिछले एक डेढ़ दशक पूर्व तक नक्सली गतिविधियों के कारण यह पूरा इलाका अशांत एवं अति संवेदनशील के रूप में जाने जाना लगा था. जिसके परिणाम रूवरूप पर्यटक इन मनोरम स्थलों में छुट्टियों के अवसरों तथा नये साल के मौके पर पिकनिक मनाने के लिए यहां जाने से कतराते लगे थे. लेकिन, लोहरदगा पुलिस द्वारा नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन डबल बूम अभियान ने कई उल्लेखनीय सफलता हासिल किए. इस दौरान कई हार्डकोर नक्सली अपने हथियार एवं समर्थकों के साथ आत्मसमर्पण किया. अब यह इलाका पूरी तरह शांत है. यही कारण है कि क्षेत्र के सभी पिकनिक स्पॉट पर सैलानियों की भीड़ उमड़ने लगी है. लोग बैखोफ होकर यहां घंटों समय गुजार रहे हैं. वहीं, पहले की अपेक्षा अब आवागमन भी सुगम हुआ है. पहाड़ों को काटकर जोड़ी सड़क का निर्माण किया गया है.

undefined
लावापानी की मोती आंखों को कर देती है चकाचौंध

जिला मुख्यालय से 52 किमी दूर केकरांग-पेशरार होते हुए सड़क मार्ग से लावापानी पहुंचा जा सकता है. वन विभाग के इलाके  में अवस्थित लावापानी जलप्रपात जहां लगभग नौ सौ फीट की ऊंचाई से समतली क्षेत्र में गिरता पानी मोतियों की तरह चमकता है. और यह दृश्य सैलानियों की आंखों को चकाचौंध कर देती है. लावापनी झरना जिला के पर्यटन स्थलों में महत्वपूर्ण स्थान माना जाता हैं. यहां पानी पहाड़ के सात चरणों में कलकल करते प्रवाहित होती है. वहीं इसके आसपास पठारी क्षेत्र व वनों से आच्छादित वृक्ष व रंग-बिरंगी पक्षियों को विचरण करते देख पर्यटक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं.

undefined
मनोरम दृश्य है चूल्हापानी जलप्रपात

किस्को, कुडू और चंदवा के सीमावर्ती इलाके में अवस्थित चूल्हापानी जलप्रपात काफी ऊंचाई से नीचे गिरती है. जो पर्यटकों के लिए काफी मनोरम दृष्य होता है. वहीं इसके कुछ दूरी पर मसूरियाखाड़ झरना भी पर्यटकों को अपनी ओर खींचने को बाध्य कर देती है.

undefined
पिकनिक स्पॉट के लिए निंदी घाघ की अलग है पहचान

पेशरार प्रखंड के चापरोंग पंचायत में अवस्थित जोरी नदी का निंदी घाघ जलप्रपात लगभग साढ़े तीन सौ फीट की ऊंचाई से छलछल कर नीचे गिरता पानी पर्यटकों को खूब लुभाता है. यह स्थान आकर्षक व मनोरम पिकनिक स्पॉट के लिए अपनी एक अलग पहचान बनाए हुए है. यहां हर वर्ष नए साल के मौके पर पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है.

undefined
नैसर्गिक सौंदर्य की मिसाल है बगडू हिल

जिला मुख्यालय से लगभग 15 किमी दूर किस्को प्रखंड में अवस्थित बगडृू हिल तथा 21 किलोमीटर दूर पाखर हिल बॉक्साइट माइंस इलाका जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है. तथा अपने नसर्गिक सौंदर्य के कारण जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पहचान स्थापित की है. माइंस से बॉक्साइट, चूना पत्थर, चाईन क्ले की प्रचूरता भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है.

undefined
रमणीक स्थल के रूप में स्थापित है सेरेंगदाग माइनिंग एरिया

जिला मुख्यालय से लगभग 50 किमी दूर नेतरहाट पहाड़ी इलाके से सटा सेन्हा प्रखंड का सेरेंगदाग माइनिंग एरिया तथा वन संपदा से भरा भू-भाग एक रमणिक स्थल के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है. यहां की मनोरम वादियां सैलानियों को खूब भाता है.

undefined
खूबसूरत जलप्रपातों में से एक है धरधरिया जलप्रपात

शहर से 25 किमी दूर सेन्हा प्रखंड में अवस्थित धरधरिया जलप्रपात सूबे के सर्वाधिक खूबसूरत जलप्रपातों में से एक है. सैकड़ों फीट की ऊंचाई से गिरता जलप्रपात लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है. जलप्रपात के जंगली रास्ते एवं जीव-जंतुओं की प्रचूरता होने के बावजूद नववर्ष पर सैलानी यहां उमड़ते हैं. यहां सड़क मार्ग से अर्रू, हेसवे होते हुए जलप्रपात तक पहुंचने का रास्ता है.

undefined
बच्चों को खूब लुभाता है अजय उद्यान

शहर के बरवाटोली स्थित अजय उद्यान बच्चों के मनोरंजन का एक बेहतर विकल्प बन चुका है. नये साल के अलावा छुट्टियों के दिनों में अकसर बच्चे अजय उद्यान पहुंचकर घंटों समय गुजारते हैं. उद्यान में स्थापित विशाल दानव की प्रतिमा बच्चों को खूब लुभाता है. इसके अलावे अजगर, हाथी, झूला, मछली आकर्षण का केंद्र है.

रिपोर्ट : संजय कुमार, लोहरदगा.

विज्ञापन
Samir Ranjan

लेखक के बारे में

By Samir Ranjan

Senior Journalist with more than 20 years of reporting and desk work experience in print, tv and digital media

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola