'मेरा फोन टैप हो रहा, सारे सबूत इसी में...', मोदी सरकार पर राहुल गांधी का गंभीर आरोप
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, फोटो - सोशल मीडिया
राहुल गांधी ने फोन टैपिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके फोन में सरकार के खिलाफ सारे सबूत मौजूद हैं. उन्होंने पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दी है.
Rahul Gandhi Phone Tapping: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर फोन टैपिंग का गंभीर आरोप लगाया है. शुक्रवार को सोशल मीडिया पर उन्होंने दावा किया कि उनके फोन में उन सभी आरोपों से जुड़े सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वह सरकार के सामने उठाते रहे हैं. राहुल ने कहा कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आमने-सामने बहस होने पर कई अहम बातें सामने आ सकती हैं. इस बयान के साथ उन्होंने एक बार फिर पीएम मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है.
View on Instagram
राहुल गांधी बोले- फोन में मौजूद हैं सभी सबूत
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पोस्ट में दावा किया कि उनके आरोपों से जुड़े सबूत उनके फोन में हैं और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है. उन्होंने कहा कि आमने-सामने की बहस से यह स्पष्ट हो सकता है कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है और कौन देश के हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल है. राहुल के मुताबिक, उनके पास ऐसी कई जानकारियां हैं, जिनके बारे में वह सार्वजनिक रूप से चर्चा करना चाहते हैं.
संसद में माइक बंद करने का भी लगाया आरोप
कांग्रेस नेता ने संसद की कार्यवाही को लेकर भी सवाल उठाए. राहुल गांधी का आरोप है कि सदन में कई बार उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया जाता है और उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं मिलता. उन्होंने किसान कानूनों, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन विषयों पर वह संसद में बोलना चाहते थे, लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिला. इसी वजह से वह प्रधानमंत्री के साथ सार्वजनिक मंच पर बहस की मांग कर रहे हैं.
12 महीनों में सातवीं बार दी बहस की चुनौती
राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने चर्चा की चुनौती देते रहे हैं. उनके इस ताजा बयान को भी उसी सिलसिले की अगली कड़ी माना जा रहा है. राहुल का कहना है कि खुली बहस से देश के सामने कई सवालों के जवाब आ सकते हैं. हालांकि, फोन टैपिंग को लेकर उनके आरोपों पर सरकार की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है.
पहले भी फोन टैपिंग का दावा कर चुके हैं राहुल
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने फोन टैपिंग का मुद्दा उठाया है. इससे पहले 19 सितंबर 2026 को इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने ऐसा ही आरोप लगाया था. उस समय राहुल ने दावा किया था कि उनसे जुड़ी जानकारियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाई जाती हैं. उन्होंने अपना फोन दिखाते हुए कहा था कि उनकी बातचीत पर नजर रखी जा रही है. हालांकि, फोन टैपिंग के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें: Video: दादी का सपना नहीं भूला पोता, हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचा बारात; इसी से हुई दुल्हन की विदाई
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
