सोनम वांगचुक का हेल्थ अपडेट: हालत स्थिर पर दवा लेने से किया इनकार, पत्नी ने डिस्चार्ज करने की मांग की
सोनम वांगचुक, फोटो पीटीआई
Sonam Wangchuk Health Update: सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर दिल्ली के वीएमएमसी (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल ने रात 9 बजे ताजा मेडिकल अपडेट जारी किया है. जिसके अनुसार, वे पूरी तरह होश में हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन का स्तर अभी सामान्य है. वांगचुक की पत्नी ने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए डिस्जार्च करने की मांग की.
Sonam Wangchuk Health Update: अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय से उपवास पर रहने के कारण वांगचुक के शरीर में डिहाइड्रेशन के लक्षण दिख रहे हैं. उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत मेडिकल सपोर्ट की जरूरत है, ताकि उनकी सेहत और न बिगड़े और कोई गंभीर आपातकालीन स्थिति पैदा न हो. तबीयत बिगड़ने के बाद, शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने वांगचुक को जंतर-मंतर से ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया.
एम्स (AIIMS) के डॉक्टर भी टीम में शामिल
सोनम वांगचुक की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्स, नई दिल्ली के एक स्वतंत्र एक्सपर्ट ने भी उनकी जांच की है. एम्स के एक्सपर्ट ने सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल टीम की इस बात का समर्थन किया है कि मरीज को तुरंत मुंह के जरिए (ओरल) या नस के जरिए (IV) फ्लूइड और इलेक्ट्रोलाइट थेरेपी दी जानी बेहद जरूरी है. इस बीच, एम्स के एक डॉक्टर को भी इलाज करने वाली टीम में शामिल कर लिया गया है, जो लगातार उनकी निगरानी और इलाज के लिए अस्पताल में मौजूद रहेंगे.
वांगचुक और परिवार ने इलाज से किया इनकार
डॉक्टरों और स्वतंत्र एक्सपर्ट्स द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद सोनम वांगचुक ने नस के जरिए फ्लूइड, ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) और किसी भी तरह की दवा लेने से साफ इनकार कर दिया है. यही नहीं, उनके परिवार ने भी डॉक्टरों द्वारा सुझाए गए इस जरूरी इलाज के लिए अब तक अपनी सहमति नहीं दी है.
डॉक्टरों की टीम लगातार समझाने में जुटी
फिलहाल, अस्पताल में वांगचुक को कड़ी मेडिकल निगरानी में रखा गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार सोनम वांगचुक और उनके परिवार को मनाने की कोशिश कर रही है ताकि वे इलाज के लिए सहमति दे दें और समय रहते उन्हें फ्लूइड दिया जा सके, जिससे किसी भी गंभीर और टलने योग्य स्वास्थ्य जोखिम से बचा जा सके.
सोनम वांगचुक की पत्नी ने मेडिकल रिपोर्ट पर उठाया सवाल, डिस्चार्ज करने की मांग की
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंग्मो ने इससे पहले मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया था, "सफदरजंग अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक सोनम वांगचुक का पोटैशियम लेवल 2.9 है, जबकि कल ही यह 4.3 था. वे न तो मुझे उन्हें किसी दूसरी लैब में ले जाकर दूसरी राय लेने दे रहे हैं और न ही वे मेरी मौजूदगी में उनका ब्लड सैंपल दे रहे हैं ताकि मैं कहीं और टेस्ट करवा सकूं. मैं 3 घंटे से इंतजार कर रही हूं, लेकिन उन्होंने अभी तक हमारी बात नहीं मानी है. पारदर्शिता की इस कमी से हमें शक हो रहा है और हमने तुरंत डिस्चार्ज करने की मांग की है ताकि हम अपनी पसंद के अस्पताल जा सकें. हम पिछले 2 घंटे से उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं."
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर महिला ने अभिजीत दीपके पर फेंकी स्याही, Video वायरल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए