Delhi Murder : 30 मिनट में हत्या और दुष्कर्म, कैलाश हिल्स केस में हुआ ये खुलासा

Published by :Amitabh Kumar
Published at :24 Apr 2026 11:05 AM (IST)
विज्ञापन
Delhi Murder Case Updates
मामले की जांच करती पुलिस (Photo: PTI)

Delhi Murder : दिल्ली के कैलाश हिल्स में आईआरएस अफसर की 22 साल की बेटी की रेप के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी पूछताछ में विकृत मानसिकता (हिंसक या असामान्य तरीके से सोचने वाला) वाला निकला.

विज्ञापन

Delhi Murder : पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि पीड़िता के शरीर पर कई बाहरी चोटें थीं, जिससे साफ है कि उसने हमलावर का डटकर विरोध किया था. दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज़ वारदात की जांच में चौकाने वाले खुलासे हुए हैं. आरोपी ने इस पूरी वारदात को पीड़िता के घर में घुसने के 30 मिनट के अंदर अंजाम दिया.

पुलिस के मुताबिक 19 साल का आरोपी पहले उसी घर में काम करता था और उसके पास एक्स्ट्रा चाबी थी. बुधवार सुबह वह चुपके से घर में घुसा और सीधे छत के कमरे में पहुंच गया. वहां उसने मालिक की बेटी पर हमला किया, उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर घायल हालत में उसे नीचे तक घसीट लाया. इससे एक रात पहले आरोपी ने अलवर में अपने एक परिचित की पत्नी से भी बलात्कार किया था.

राहुल मीणा को अपने किये पर कोई पछतावा नहीं

पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल मीणा को अपने किये पर कोई पछतावा नहीं है और वह बार-बार बयान बदल रहा है. उसे वारदात के कुछ घंटों बाद ही बुधवार को द्वारका के एक होटल से पकड़ लिया गया. जांच में सामने आया कि उसने पहले किसी भारी चीज से हमला कर पीड़िता को बेहोश किया, फिर मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीड़िता की नाक की हड्डी में फ्रैक्चर के अलावा दोनों हाथों और पैरों पर कई खरोंच और घाव पाए गए.

आरोपी ने कोर्ट में कहा- मुझसे गलती हो गई

आरोपी को गुरुवार (23 अप्रैल) को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसने मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरान के सामने कहा कि मुझसे गलती हो गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की, जिसे कोर्ट ने मंजूर करते हुए आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया, ताकि मामले की गहराई से जांच हो सके.

घर के हर कोने से वाकिफ था आरोपी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी घर के हर कोने से वाकिफ था और उसे यह भी पता था कि युवती के माता-पिता सुबह जल्दी जिम जाते हैं. इसी का फायदा उठाकर उसने एक्स्ट्रा चाबी से घर में एंट्री ली, सीधे स्टडी रूम पहुंचा और जानता था कि लड़की वहीं मिलेगी. युवती आईआईटी से स्नातक थी और लोक सेवा परीक्षा (UPSC) की तैयारी कर रही थी.

यह भी पढ़ें : 2 रेप, 1 मर्डर: हाई-प्रोफाइल दिल्ली केस में चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता के बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया. फिर वह उसे सीढ़ियों से घसीटकर नीचे एक कमरे में ले गया, जहां लॉकर रखा था. उसने पीड़िता की उंगलियों से बायोमेट्रिक लॉक खोलने की कोशिश भी की, लेकिन लॉक नहीं खुल सका. इसके बाद उसने पेंचकस का इस्तेमाल करके लॉकर तोड़ा, नकदी और गहने चुराए, खून से सने अपने कपड़े और चप्पलें बदलीं और वहां से भाग गया.

आरोपी करीब 30 मिनट तक घर के अंदर रहा

पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 30 मिनट तक घर के अंदर रहा. सीसीटीवी और गवाहों के अनुसार वह सुबह 6:30 बजे कॉलोनी में आया, 6:49 बजे चुपके से घर में घुसा और करीब 7:20 बजे वहां से निकल गया.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola