15 से 21 सितंबर तक 25 से ज्यादा राज्यों में बारिश, आंधी-बिजली का अलर्ट
भारी बारिश के बीच सड़क से गुजरते वाहन, फोटो- एएनआई
Heavy Rain Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, कच्छ और दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान से सटे इलाके में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर कई राज्यों में दिखाई देगा. 15 सितंबर को सौराष्ट्र और कच्छ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं 19 सितंबर के आसपास पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं.
Heavy Rain Warning: देश के कई राज्यों में आगामी दिनों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का दौर जारी रह सकता है. आईएमडी (India Meteorological Department) के मुताबिक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, कच्छ क्षेत्र और दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान से सटे हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.
इसके असर से 15 सितंबर को सौराष्ट्र और कच्छ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात और तमिलनाडु में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक में भारी बारिश हुई है.
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में बारिश के आसार
उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम बदला रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक 16 और 17 सितंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कई जगह बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. कुछ इलाकों में इस दौरान भारी बारिश भी हो सकती है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 17 सितंबर को बारिश और गरज-चमक का दौर बढ़ सकता है.
मध्य भारत में भी बरसेंगे बादल
पूर्वी मध्य प्रदेश में 15 से 17 सितंबर तक और पश्चिम मध्य प्रदेश में 17 से 19 सितंबर के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 19 से 21 सितंबर के दौरान बारिश बढ़ने और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. विदर्भ में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने के आसार हैं.
बिहार-झारखंड समेत पूर्वी भारत में आंधी-बारिश की संभावना
बिहार और झारखंड में 15 से 21 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. 15 सितंबर को बिहार में मध्यम से तेज बिजली कड़कने की भी संभावना है. वहीं 17 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में 15 सितंबर और फिर 18 से 21 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 15 से 21 सितंबर के दौरान अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 15 से 17 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.
गुजरात में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
15 सितंबर को गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. सौराष्ट्र और कच्छ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कोंकण और गोवा में भी कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
दक्षिण भारत में भी बारिश जारी
तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल और लक्षद्वीप के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है. कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए