DGP Murder : पत्नी ने चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका, पूर्व डीजीपी छटपटाने लगे, इसके बाद घोंप दिया चाकू
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 22 Apr 2025 6:34 AM
Relatives pay last respects to former Karnataka DGP Om Prakash
DGP Murder : कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या के आरोप में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि तीखी नोकझोंक के बाद पत्नी ने चाकू से हमला कर दिया. पूर्व डीजीपी के बेटे कार्तिकेश ने बताया कि पल्लवी पिछले एक सप्ताह से पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी. इससे वे डर गए थे.
DGP Murder : कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश की हत्या के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे थे. ओम प्रकाश की हत्या के मामले की जांच कर रही पुलिस ने उनकी पत्नी पल्लवी को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई पूर्व डीजीपी के बेटे कार्तिकेश की शिकायत पर पुलिस की ओर से की गई. कार्तिकेश ने शिकायत में कहा था कि उन्हें संदेह है कि उनकी मां और बहन ने पिता की हत्या की. मामले को लेकर एक अधिकारी ने कहा कि उक्त मामले की जांच बेंगलुरु की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) को दे दी गई है.
इस बीच, जब पुलिस पल्लवी को क्राइम वाली जगह ले गई. यहां उसने वहां मौजूद पत्रकारों को बताया कि उसने घरेलू हिंसा से तंग आकर यह कदम उठाया. बिहार निवासी 1981 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी ओम प्रकाश रविवार को बेंगलुरु स्थित अपने आवास में मृत पाए गए थे. उनका शव एचएसआर लेआउट स्थित उनके तीन मंजिला घर में मिला. शव जमीन पर था जो खून से लथपथ था.
तीखी नोकझोंक के बाद पत्नी ने घोंप दिया चाकू
पुलिस सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि तीखी नोकझोंक के बाद पल्लवी ने प्रकाश के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका और फिर चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी. सूत्रों ने बताया कि प्रकाश जलन के कारण इधर-उधर भागने लगे, तभी पल्लवी ने उन पर चाकू से कई वार किए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद पल्लवी ने अपने दोस्त को ‘वीडियो कॉल’ किया और कहा, ‘‘मैंने राक्षस को मार दिया है.’’
पल्लवी जान से मारने की धमकी देती थी
ओम प्रकाश के बेटे कार्तिकेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पल्लवी पिछले एक सप्ताह से उसके पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी. पूर्व डीजीपी के बेटे ने कहा, ‘‘इन धमकियों के कारण मेरे पिता बुआ के घर रहने चले गए थे.’’ कार्तिकेश ने आरोप लगाया, ‘‘दो दिन पहले मेरी छोटी बहन वहां गई और उन पर (पूर्व डीजीपी) घर लौटने का दबाव बनाया.’’ शिकायत में कार्तिकेश ने कहा, ‘‘कृति पिताजी को वापस ले आई थी, जबकि वह वापस आने को तैयार नहीं थे.’’
बेटे कार्तिकेश ने क्या बताया पुलिस को?
कार्तिकेश ने कहा कि रविवार शाम करीब पांच बजे जब वह डोमलूर स्थित कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन में थे, तब उनके पड़ोसी जयश्री श्रीधरन ने फोन कर बताया कि उसके पिता सीढ़ियों के नीचे गिरे पड़े हैं. कार्तिकेश ने बताया, ‘‘मैं घर पहुंचा (जो एचएसआर लेआउट में स्थित है) तो वहां पुलिस अधिकारी और लोग मौजूद थे. मेरे पिता खून से लथपथ पड़े थे और उनके सिर और शरीर पर घाव थे. उनके शव के पास एक टूटी हुई बोतल और एक चाकू पड़ा था. इसके बाद उन्हें सेंट जॉन्स अस्पताल ले जाया गया.’’
यह भी पढ़ें : Karnataka Murder : शरीर पर चाकू के निशान, पत्नी-बेटी से पूछताछ, कर्नाटक के पूर्व DGP मर्डर केस में बड़ी बात आई सामने
कार्तिकेश ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा, ‘‘मेरी मां पल्लवी और मेरी बहन कृति अक्सर मेरे पिता से झगड़ा करती थीं. मुझे पूरा संदेह है कि वे मेरे पिता की हत्या में शामिल हैं. मैं इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध करता हूं.’’ सूत्रों के अनुसार, दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. इस अपराध के पीछे की एक वजह कर्नाटक के दांदेली में स्थित एक जमीन को लेकर विवाद भी था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










